नकली बम लगा कर मांग रहा था 5 लाख रुपयों की रंगदारी, यूं खुली पोल
अलीपुर इलाके में एक ठेकेदार के घर के सामने बम लगाकर बदमाशों ने उससे पांच लाख की रंगदारी मांगी। रुपये नहीं देने पर परिवार को बम से उड़ाने की धमकी दी गयी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीम ठेकेदार के घर पहुंची।
जहां जांच के दौरान पुलिस को एक नकली बम मिला। जिसमें बैटरी और घड़ी लगा हुआ था। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मूलत: मदन नगर, बर्द्धमान, पश्चिम बंगाल निवासी शेख मिराज(32) पिछले पांच छह साल से सिंघु गांव में रहने वाले मौसी के बेटे जमालुद्दीन के परिवार के साथ रहता है।
वह कुंडली स्थित स्टील की फैक्टरी में काम करता है। जमालुद्दीन ठेकेदारी करता है। मिराज के मुताबिक इन दिनों उसका मौसेरा भाई बर्द्धमान गया हुआ है। उसका परिवार सिंघु गांव में है।
28 मार्च की सुबह बर्द्धमान से जमालुद्दीन ने शेख मिराज को फोन किया और बताया कि उसके घर के बाहर कोई खड़ा है। शेख मिराज छत पर चढ़कर बाहर देखा। वहां कोई नहीं था।
जांच में कोई विस्फोटक वस्तु नहीं मिली
जमालुद्दीन ने बताया कि घर के बाहर बम लगाया गया है। मिराज ने देखा कि गेट के बाहर कुछ रखा हुआ है जिसमें लाइट जल रही है। इस बात की जानकारी मिलने के बाद जमालुद्दीन ने मिराज को बताया कि उसके पास अज्ञात नंबर से फोन आया है। फोन करने वाले ने बताया कि उसके घर पर बम लगा दिया गया है। पांच लाख रुपये नहीं मिलने पर पूरे परिवार को बम से उड़ा देगा। जमालुददीन के कहने पर मिराज ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सूचना पर अलीपुर थाना प्रभारी सुरेश कुमार बम निरोधक दस्ता के साथ मौके पर पहुंचे और दरवाजे के सामने मिले संदिग्ध सामान की जांच की। जांच के दौरान उसमें कोई विस्फोटक वस्तु नहीं मिला।
पुलिस ने बताया कि वह नकली बम था। जिसमें बैटरी और घड़ी लगा हुआ था। मिराज ने जमालुद्दीन से हुई बातचीत के बारे में पुलिस को बताया। पुलिस ने मिराज के बयान पर उगाही करने का प्रयास व जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घर के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को कब्जे में कर नकली बम रखकर धमकी देने वालों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।