पत्नी और बेटी को मौत के घाट उतार पहुंचा थाने
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में शनिवार रात अजीत (29) ने झगड़े के दौरान पत्नी शालिनी (27) को घर की दूसरी मंजिल से फेंक दिया और उसके बाद ढाई साल की बेटी वंशिका का गला घोंट दिया।
वारदात के बाद आरोपी युवक ने खुद फोन कर पुलिस को घटना की सूचना दी। शालिनी के परिजनों ने आरोप लगाया कि दहेज के लिए अजीत ने अपनी मां राजवती और छोटे भाई अमित की मदद से दोनों को मौत के घाट उतार दिया।
परिजनों के बयान पर एसडीएम ने दहेज हत्या का मामला दर्ज करने का निर्देश पुलिस को दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
'हैलो, पुलिस मैंने अपनी पत्नी-बेटी को मार डाला'
जानकारी के मुताबिक शालिनी, पति अजीत और बेटी वंशिका के साथ बी ब्लॉक में रहती थी। अजीत नोएडा स्थित एक होटल में काम करता है। शनिवार रात करीब साढ़े ग्यारह बजे अजीत ने सौ नंबर पर फोन कर बताया कि उसने अपनी पत्नी और बेटी की हत्या कर दी है।
पुलिस मौके पर पहुंची। घर के बाहर शालिनी पड़ी थी। पास ही में वंशिका व अजीत मौजूद थे। पुलिस मां-बेटी को पास के अस्पताल में ले गई, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शालिनी के महावीर एन्क्लेव इलाके में रहने वाले पिता महेश कुमार को घटना के बारे में बताया।
पूछताछ में अजीत ने बताया कि पारिवारिक कलह की वजह से वह काफी परेशान था। पति-पत्नी के बीच अक्सर किसी न किसी बात पर झगड़ा होता था। जांच में यह बात सामने आई है कि वारदात के वक्त आरोपी नशे में था।
रो रही बच्ची को मार डाला
पड़ोसियों के मुताबिक दंपति के बीच तीन-चार दिन से कहासुनी हो रही थी। शनिवार रात 11:00 बजे पति पत्नी के लड़ने की आवाज आ रही थी। अजीत व शालिनी में झगड़े के दौरान बेटी वंशिका रो रही थी।
इस बीच अजीत शालिनी को बालकनी में ले आया और वहां से धक्का दे दिया। इसके बाद कमरे में रो रही बच्ची का पहले मुंह दबाया और फिर उसकी गर्दन दबाकर हत्या कर दी।
बच्ची की हत्या करने के बाद अजीत उसे नीचे लाया और गोद में लेकर चिल्लाने लगा। लोगों को अपनी ओर आता देख अजीत ने खुद ही फोन कर पुलिस को घटना की सूचना दे दी और आत्म समर्पण कर दिया।
अजीत ने ससुर से लिए थे दो लाख रुपये
शालिनी के पिता महेश कुमार ने पुलिस को बताया कि दो माह पूर्व दुकान बनवाने के लिए अजीत ने उससे दो लाख रुपये लिए थे। इसके बाद वह और रुपयों की मांग कर रहा था, लेकिन महेश ने रुपये देने से इनकार कर दिया। इसके बाद अजीत और शालिनी में झगड़ा होने लगा। इंडियन एयरलाइंस फोरमैन पद से सेवानिवृत्त महेश ने बताया कि शालिनी की शादी फरवरी, 2010 में हुई थी। शादी के कुछ माह बाद ही उसका अजीत से किसी न किसी बात पर झगड़ा होने लगा।
अजीत अक्सर शालिनी से रुपये की मांग करता। नवंबर, 2011 में बेटी पैदा होने के बाद अजीत ने कोर्ट में तलाक की अर्जी दे दी। इधर, शालिनी के परिजनों ने पालम थाने में अजीत के खिलाफ दहेज प्रताड़ना की शिकायत की। बाद में अदालत ने काउंसलिंग कर दोनों पक्षों में समझौता करवा दिया। करीब सवा साल से दोनों एक साथ रह रहे थे। महेश का आरोप है कि मां और भाई-बहन की वजह से अजीत का शालिनी से विवाद होता था।