कालकाजी में बुजुर्ग दंपती को बंधक बनाकर लाखों की लूट, CCTV में नहीं हो रही थी रिकॉर्डिंग
कालकाजी इलाके में हथियारों के बल पर बुजुर्ग दंपती को बंधक बनाकर 60 लाख से ज्यादा की ज्वेलरी व 11 लाख रुपये कैश लूटने का मामला सामने आया है। हथियारबंद चार नकाबपोश बदमाशों ने बुजुर्ग दंपती के साथ मारपीट भी की। घटना मंगलवार रात की है। पुलिस को बुधवार शाम तक बदमाशों के बारे में कोई सुराग नहीं लगा था।
दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नसीबचंद अग्रवाल (64) सीसी-29 नेहरू एनक्लेव में रहते हैं। घर के नीचे सिल्क कपड़ों का फेवरिक स्टेशन नाम से उनका शोरूम है। उनका बेटा इन दिनों परिवार के साथ इंग्लैंड घूमने गया है।
रात करीब साढ़े आठ बजे घर में नसीबचंद की पत्नी उषा अग्रवाल (65) और नौकर नीतीश (19) ही थे। नसीब चंद नेहरू प्लेस स्थित एक होटल में गए थे। इसी बीच चार हथियारबंद बदमाश उनके घर में घुसे और उषा व नौकर को मारपीट कर रस्सी से बांध दिया था।
बदमाशों ने उन्हें लिफ्ट से ही काबू कर लिया
रात करीब साढ़े आठ बजे जब नसीबचंद घर लौटे तो बदमाशों ने उन्हें लिफ्ट से ही काबू कर लिया। बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और पिस्टल दिखाकर उनके हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद उन्हें बाथरूम में बंद कर दिया।
तिजोरी की चाबी ली और माल पार किया
बदमाशों ने दंपती से तिजोरी की चाबी लेकर उसमें रखे करीब 11 लाख रुपये व लाखों रुपये की ज्वेलरी समेट ली। ज्वेलरी की कीमत 60 लाख रुपये से ज्यादा की बताई जा रही है। हालांकि, पीड़ित बुजुर्ग दंपती का कहना है कि बेटा जब इंग्लैंड से लौटेगा, तभी लूटी गई ज्वेलरी की कीमत पता लगेगी।
लूटपाट की वारदात को अंजाम देकर बदमाश आसानी से फरार हो गए। बुजुर्ग दंपती का इलाज कराया गया है। पीड़ित दंपती के घर व शोरूम में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, लेकिन इनमें रिकार्डिंग नहीं हो रही थी। ऐसे में पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाल कर बदमाशों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।