कर्मचारियों को बंधक बनाकर दिनदहाड़े डकैती
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली के लाहौरी गेट इलाके में सोमवार दोपहर पांच बदमाशों ने कूरियर कंपनी में कर्मचारियों को बंधक बनाकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया।
वारदात के बाद भाग रहे बाइक सवार बदमाशों को जब पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो उन्होंने पुलिस की टीम पर गोली चला दी। जवाबी फायरिंग के बाद पुलिस ने दो डकैतों को दबोच लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान प्रदीप (22) और सतपाल (25) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के पास से एक पिस्टल, एक रिवाल्वर और दो लाख रुपये नगद बरामद किया है।
जब स्टार्ट नहीं हुई बदमाशों की बाइक
पुलिस उपायुक्त मधुर वर्मा ने बताया कि लाहौरी गेट के विष्णु मार्केट में पटेल सोमभाई कंचन लाल एंड संस नाम से कूरियर कंपनी है। सोमवार दोपहर साढ़े तीन बजे पांच बदमाश कंपनी की पहली मंजिल पर स्थित कार्यालय में दाखिल हुए।
सभी बदमाशों के हाथ में हथियार था। बदमाशों ने वहां मौजूद कर्मचारियों को बंधक बनाकर साढे़ तीन लाख रुपये लूट लिए। बदमाशों के भागने के दौरान कर्मचारियों ने शोर मचा दिया और किसी ने पुलिस को सूचना दे दी।
तीन बदमाश एक बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। जबकि अन्य दो बदमाशों की बाइक स्टार्ट नहीं हुई और वह पैदल ही भागने लगे।
पुलिस पर कर दी फायरिंग
कुछ दूरी पर बदमाशों ने एक युवक की बाइक छीन ली और उस पर सवार होकर भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने बदमाशों का पीछा किया। तेज रफ्तार से बाइक चलाने के दौरान उनकी बाइक फिसल गई।
पुलिस की टीम ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की तो उन्होंने तीन फायर कर दिए। पुलिस ने जवाबी फायरिंग कर दोनों को दबोच लिया। इनमें प्रदीप, निरोजपुर खेकड़ा बागपत का रहने वाला है। जबकि सतपाल, अलीगढ़ के और बेना गांव का निवासी है।