चोरी की कारों से करता था शराब सप्लाई ऐसे हुआ गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने एक ऐसे तस्कर को गिरफ्तार किया है, जो चोरी की कारों में शराब की सप्लाई करता था। आरोपी साथ में वाहन चोरी भी करता था। शराब हरियाणा से लाकर दिल्ली व यूपी में सप्लाई करता था। आरोपी के कब्जे से 24 कार्टन शराब, व्हिस्की की चार बोतल व चोरी की छह कारें बरामद की हैं।
अपराध शाखा डीसीपी भीष्म सिंह के अनुसार, शाखा की द्वारका में स्थित आईजीआईएस में तैनात एएसआई श्रीओम डागर को 13 अक्तूबर को सूचना मिली थी कि शराब तस्कर मोनू फोगट चोरी की कार में आईपी यूनिवर्सिटी के पास, सेक्टर-16 द्वारका में आएगा।
इंस्पेक्टर सुनील जैन की टीम ने यहां घेराबंदी कर मोनू फोगट को गिरफ्तार कर लिया। मूलरूप से गांव भालोट रोहतक हरियाणा निवासी मोनू पत्नी के साथ दिल्ली के बक्करवाला गांव आया था। यहां इसका चाचा वीरेंद्र फोगट रहता था।
चाचा इलाके का जाना-पहचाना व्यवसायी था
उसका चाचा इलाके का जाना-पहचाना व्यवसायी था और शराब की सप्लाई करता था। मोनू ने चाचा के साथ मुंडका स्टेशन में काम करना शुरू कर दिया। विरोधी गैंग ने उसके चाचा की मुंडका गांव में गोली मारकर सितंबर, 2015 में हत्या कर दी थी।
इसके बाद मोनू चाचा के शराब व्यवसाय को देखने लगा। इस दौरान ये सेक्टर-छह, बहादुरगढ़ निवासी रविंद्र के संपर्क में आया और दिल्ली व यूपी में अवैध शराब की सप्लाई करना शुरू कर दिया।
दिल्ली सरकार के कड़े नियमों के चलते ये चोरी की कारों में अवैध शराब की सप्लाई करने लगा। साथ ही रविंद्र के साथ कारें चोरी करने लगा। कुछ दिन पहले जब रविंद्र बहादुरगढ़ से वैगन आर कार से शराब की सप्लाई करने दिल्ली आ रहा था तो वह सड़क दुर्घटना में घायल हो गया। वह अभी भी अस्पताल में भर्ती है।