बेकाबू कार ने तीन को रौंदा, छात्र की अस्पताल में मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मौरिस नगर इलाके में शुक्रवार को एक बेकाबू कार ने तीन लोगों को कुचल दिया। बाड़ा हिंदूराव अस्पताल में इलाज के दौरान रामजस कॉलेज के छात्र कपिल रतनू (19) की मौत हो गई। एक छात्रा व सिपाही का इलाज ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। घटना के बाद आरोपी चालक वेगनआर कार को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, करीब 11:30 बजे रिंग रोड से एक तेज रफ्तार वैगनआर कार रामजस चौक की ओर आई। फिर चालक ने कार विजय नगर की ओर मोड़ दी। रफ्तार तेज होने के कारण चालक कार से नियंत्रण खो बैठा और गश्त कर रहे सिपाही मुकेश की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
इसके बाद भी चालक ने कार नहीं रोकी और रामजस कॉलेज की छात्रा जागृति को टक्कर मार दी। रामजस का छात्र कपिल कॉलेज से निकला तो बेकाबू कार ने उसे भी चपेट में ले लिया। तीनों को जख्मी करने के बाद चालक आगे बढ़ा तो नाले के पास जाम लगा था। इस पर चालक कार को वहीं छोड़कर भाग निकला।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मुकेश व जागृति को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। कपिल को बाड़ा हिंदूराव अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं मुकेश के पैर टूट गया है और जागृति की हालत स्थिर है।
दिल्ली में रहने वाले कपिल के रिश्तेदारों के जरिये पुलिस ने घटना की जानकारी जैसलमेर में रहने वाले उसके पिता ओमप्रकाश को दी। कपिल ने गत वर्ष रामजस कॉलेज में बीए प्रोग्राम में प्रथम वर्ष में दाखिला लिया था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सिपाही मुकेश के बयान पर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। कार का रजिस्ट्रेशन आरसी व्यास नाम से है।