2 करोड़ की हेरोइन के साथ अफगानी नागरिक गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक इंटरनेशनल गिरोह का पर्दाफाश कर अफगानी नागरिक को गिरफ्तार किया है। इसके कब्जे से बढ़िया क्वालिटी की 1.1 किलो हेरोइन बरामद की गई है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद हेरोइन की कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई जा रही है। आरोपी कैप्सूल के रूप में हेरोइन को पेट में छिपाकर अफगानिस्तान से भारत लाता था। वह पांच बार हेरोइन की खेप अफगानिस्तान से ला चुका है। वह पांच बार में अफगानिस्तान से तीन किलो हेरोइन भारत ला चुका है। भारत से हेरोइन यूरोपीय व अमेरिकी देशों में भेजी जाती थी।
स्पेशल सेल डीसीपी प्रमोद कुमार कुशवाहा के अनुसार सेल में तैनात इंस्पेक्टर कैलाश सिंह बिष्ट को 27 अक्तूबर को सूचना मिली थी कि कारी मो. हानिफ उर्फसामादी (40) हेरोइन की खेप लेकर अफगानिस्तान से भारत आया है। वह हेरोइन की खेप को महरौली इलाके में देगा। इंस्पेक्टर कैलाश सिंह बिष्ट, रविन्द्र कुमार त्यागी व प्रमोद चौहान की टीम ने घेराबंदी कर हनीफ को पकड़ लिया। उसके कब्जे से 525 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।
हनीफ ने बताया कि उसने ड्रग्स को रखने के लिए लाजपत नगर में किराए पर कमरा लिया हुआ है। उसके कमरे से 575 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। आरोपी के पास दो अफगानी पासपोर्ट थे। वह मई 2017 से लेकर अब तक पांच बार भारत आ चुका है और तीन किलो हेरोइन भारत ला चुका है। इस हेरोइन की कीमत छह करोड़ रुपये बताई जा रही है।
गिरोह का नेटवर्क एशिया, यूरोप व अमेरिकी देशों में फैला है
हनीफ ने काबुल अफगानिस्तान से लॉ में पोस्ट ग्रेजुएशन किया हुआ है। इसके पिता अफगानिस्तान सेना में थे। करीब दस वर्ष पहले तालिबान से लड़ते हुए उनके पिता की मौत हो गई थी। इसकी दो पत्नियां व छह बच्चे हैं। हनीफ की अफगानस्तिन में सरकारी नौकरी थी।
वह जुडिशियल सर्विस की तैयारी कर रहा था। वह वर्ष 2012-13 में पत्नी के हार्ट के इलाज के लिए दिल्ली आया था। मार्च, 2017 में वह जलालाबाद, अफगानिस्तान में जाबातूर से मिला। जाबातूर ने उसे अधिक पैसे का लालच देकर हेरोइन सप्लाई करने के लिए कहा। ये भी हेरोइन की सप्लाई करने के लिए तैयार हो गया।
जाबातूर ने हनीफ को माहपीर से मिलवाया। इन दोनों से मुलाकात के बाद हनीफ को पता लगा कि इस गिरोह का नेटवर्क एशिया, यूरोप व अमेरिकी उप महाद्वीप देशों में फैला हुआ है। ये हेरोइन के कैप्सूल को निगल लेता था और फिर उन्हें भारत लाता था, एक बार में ये 600 ग्राम हेरोइन लाता था।