गाजियाबाद में पकड़ा 3.4 करोड़ का सोना
गाजियाबाद में वाणिज्य कर विभाग की मोबाइल स्क्वायड टीम ने शुक्रवार रात करीब नौ बजे एनएच-24 पर लग्जरी कार में ले जाया जा रहा 12 किलो सोना पकड़ा।
सोना ईंट की शक्ल में है, जिसकी अनुमानित कीमत 3.40 करोड़ रुपये बताई जा रही है। सोना दिल्ली चांदनी चौक कूंचा महाजनी से आगरा की ओर ले जाया जा रहा था।
पुलिस और सेल्स टैक्स अफसर चालक से पूछताछ कर रहे थे। मामले में बड़ा खुलासा हो सकता है।
ये कहां छुपा रहा था सोना
वाणिज्यकर विभाग के एडशिनल कमिश्नर एसआईबी एससी गौतम ने बताया कि सूचना पर मोबाइल स्क्वायड के इंचार्ज विकास विक्रम सिंह ने एनएच-24 पर इंदिरापुरम सीआईएसएफ कट के पास जांच के लिए कार रोकी।
जांच में ड्राइवर की सीट के नीचे छुपाया गया 12 किलो सोना बरामद हुआ। चालक अजय कुमार सोने से संबंधित कोई कागज या स्लिप नहीं दिखा सका। ड्राइवर के मुताबिक वो आगरा जा रहा था। गौतम ने बताया कि चेकिंग से बचने के लिए ड्राइवर ने एनएच-24 का रास्ता चुना होगा।
ड्राइवर अभी अपने मालिक का नाम नहीं बता रहा है। आगे पूछताछ में मालिक से संपर्क किया जाएगा। आयकर अफसरों को सूचना दी गई। चेकिंग दस्ता सोने को कब्जे में लेकर छानबीन कर रहा है।