तिहाड़ में गैंगवार : थप्पड़ मारने पर किया जानलेवा हमला, चम्मच को बनाया हथियार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
तिहाड़ जेल में शुक्रवार रात को गैंगवार का मामला सामने आया है। जेल संख्या-4 में बंद छह कैदियों ने एक कैदी पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने चम्मच को धारदार हथियार बनाकर पीड़ित को बुरी तरह जख्मी कर दिया।
घायल को दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां हालत गंभीर बनी हुई है। पीड़ित के बयान पर हरिनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर रही है। अभी तक की जांच में पता चला है कि कुछ दिन पहले पीड़ित कैदी ने दूसरे गैंग के दो कैदियों को थप्पड़ मार दिया था। उधर, पीड़ित कैदी के परिवार वालों ने तिहाड़ जेल पहुंचकर हंगामा किया।
पुलिस के अनुसार, घायल कैदी की पहचान रघुवीर नगर निवासी अशोक (25) के रूप में हुई है। हत्या के प्रयास के मामले में वह जेल संख्या-4 में बंद है। शुक्रवार रात को जेल संख्या-4 में बंद छह कैदियों ने अशोक पर हमला कर दिया। आरोपियों ने चम्मच को धारदार हथियार बनाकर उसके चेहरे और अन्य हिस्सों पर ताबड़तोड़ वार किए। हमले में अशोक गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
कुछ दिन पहले पीड़ित ने दूसरे गैंग के कैदियों को मारा था थप्पड़
जेल संख्या-चार में मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने हमलावर कैदियों को रोका और अशोक को दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल पहुंचाया। अशोक पर हुए हमले और अस्पताल में उसके भर्ती होने की जानकारी मिलने के बाद परिवार वाले अस्पताल पहुंच गए, जहां से सभी ने तिहाड़ जेल पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया।
परिवार वालों ने आरोप लगाया कि तिहाड़ प्रशासन की मिलीभगत से जेल में कैदियों पर हमले करवाए जाते हैं। हंगामा कर रहे लोगों को पुलिस ने समझा-बुझाकर शांत करवाया। इलाज के दौरान अशोक ने पुलिस को बताया कि उस पर अमित और अजय समेत छह कैदियों ने हमला किया है। जांच के बाद पुलिस ने बताया कि आरोपी कैदी लूटपाट व हत्या के मामले में बंद हैं।
पुलिस के मुताबिक, जेल में वर्चस्व को लेकर गैंगवार हुआ है। कुछ दिन पहले अशोक ने अमित व अजय के गैंग के दो बदमाशों को थप्पड़ मार दिया था, जिसका बदला लेने के लिए आरोपियों ने अशोक पर हमला किया है। हरिनगर थाना पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।