किशोरियों को नौकरी के नाम पर बेच करवाते थे बड़ी उम्र के आदमियों के साथ शादी, और फिर..
उस गैंग का पुलिस ने यूं किया पर्दाफाश जो किशोरियों को बेचकर करवा देता था बड़ी उम्र के आदमियों के साथ शादी..
गीता कालोनी थाना पुलिस ने किशोरियों को अगवा कर उसे बेचने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस गिरोह के चार लोगों को गिरफ्तार किया है जिसमें एक महिला भी शामिल है।
पुलिस ने इनके कब्जे से तीन किशोरियों को सकुशल मुक्त कराया है। गिरोह के सदस्य किशोरियों को बड़े उम्र के लोगों से शादी करवाकर उनसे लाखों की उगाही करते थे।
4 लाख में बेचा
शाहदरा जिला की पुलिस उपायुक्त नूपुर प्रसाद ने बताया कि पिछले साल 2 मार्च को गीता कालोनी थाने में एक 14 साल की किशोरी को अगवा करने की शिकायत दर्ज करवायी गयी थी।
पुलिस ने गुप्त सूचना पर इस वर्ष 18 फरवरी को किशोरी को गौतम बुध नगर के पल्ला गांव से बरामद कर लिया। किशोरी से पूछताछ में पता चला कि उसे अगवा कर नीरज(32) को चार लाख रुपये में बेच दिया गया था।
नीरज उससे जबरदस्ती शादी कर अपने साथ रख रहा था। पुलिस ने किशोरी के बयान पर पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर नीरज को गिरफ्तार कर लिया।
उसके बाद पुलिस ने नीरज को रिमांड पर लेकर उससे पूछताछ की और इस गिरोह में शामिल अन्य लोगों की पहचान की। पुलिस ने उसके निशानदेही पर डासना के राधा कृष्ण एंक्लेव निवासी अनुज (31) और उसकी 25 साल की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया।
उसके बाद पुलिस ने गिरोह के एक सदस्य अहेड़ा गांव निवासी बबलू (31) को गिरफ्तार कर लिया। अनुज और उसकी पत्नी की गिरफ्तारी के समय पुलिस को उनके कब्जे से दो किशोरियां मिली।
घर से नाराज होकर जाने वाली किशोरियों को बनाते थे शिकार
पूछताछ में पता चला कि गिरोह घर से नाराज होकर रेलवे स्टेशनों व बस अड्डों पर आने वाली किशोरियों को अपना निशाना बनाता था। वह उन्हें नौकरी दिलाने का झांसा देकर अनुज के घर पर रखते थे और फिर ऐसे लोगों की तलाश करते थे जो उनसे शादी करने के लिए गैंग को लाखों रुपये दे सके।
रुपये लेने के बाद गिरोह किशोरियों को उनके हवाले कर देते थे। गिरोह से पूछताछ में पता चला है कि इनलोगों ने अब तक छह किशोरियों को बेच चुके हैं। पुलिस एक अन्य आरोपी राज की तलाश कर किशोरियों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।