अपहरण में साथ नहीं देने पर ईंट मारकर की दोस्त की हत्या, पुलिस को बताने के डर से किया ऐसा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिवाली पर किसी अमीर व्यक्ति के बच्चे का अपहरण कर मोटी फिरौती मांगने की योजना में साथ नहीं देने पर एक युवक ने अपने दोस्त को खंडहर में ले जा ईंट से वार कर हत्या कर दी। मृतक की पहचान न हो इसके लिए उसका चेहरा बुरी तरह कुचल दिया था।
पुलिस ने मृतक का शव करीब एक सप्ताह पहले गांव कबूलपुर के पास खंडहर से सड़ी गली हालत में बरामद किया था। इस मामले को सुलझाते हुए पुलिस ने आरोपी निजामुद्दीन को गिरफ्तार कर उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
मामले की जांच कर रहे क्राइम ब्रांच डीएलएफ प्रभारी इंस्पेक्टर अशोक कुमार ने बताया कि जांच के दौरान मृतक की पहचान जिला सिवान, बिहार निवासी जाहिद के रूप में हुई। जाहिद (19) करीब एक-डेढ माह पहले ही बिहार से यहां नहर पार हनुमान नगर में रहने वाले अपने भाई गुलाम मोहम्मद के पास मजदूरी करने के लिए आया था। इस दौरान जाहिद की दोस्ती उसके पड़ोस में रहने वाले निजामुद्दीन से हो गई।
आरोपी करीब दो माह पहले ही मजदूरी करने के लिए आया था
निजामुद्दीन मालदा, पश्चिम बंगाल का रहने वाला है और करीब दो माह पहले ही मजदूरी करने के लिए यहां आया था। दिवाली से कुछ दिन पहले उसने जिहाद से कहा कि दिवाली पर किसी बच्चे का अपहरण कर उसके पिता से मोटी रस्त्रम वसूलेंगे।
उस समय जाहिद ने भी उसकी इस योजना में साथ देने के लिए हामी भर ली। मगर दिवाली से एक दिन पूर्व 18 अक्तूबर को जब निजामुद्दीन ने अपनी योजना को सिरे चढ़ाने के लिए उसे बुलाया तो उसने गलत काम में उसका साथ देने से मना कर दिया।
इस पर निजामुद्दीन को डर सताने लगा कि कहीं जाहिद उसकी योजना के बारे में पुलिस को न बता दे। पकड़े जाने के डर से उसने जाहिद की हत्या करने की योजना बनाई। इस पर 21 अक्तूबर को निजामुद्दीन, जाहिद को घूमने के बहाने कबूलपुर ले गया। वहां दोनों एक खंडहर बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर पहुंच गए।
इस दौरान मौका मिलने पर निजामुद्दीन ने जाहिद को नीचे धक्का दे दिया। नीचे आकर उसने देखा कि जाहिद मरा नहीं है तो पास पड़ी ईंट उठाकर उसके सिर में तीन-चार वार कर उसे वहीं ढेर कर दिया। वह उसके शव को खींच कर बिल्डिंग के अंदर ले गया। उसकी पहचान न हो सके, उसके चेहरे पर भी ईंटों से वारकर चेहरा बुरी तरह कुचल दिया और फरार हो गया।
क्या था मामला
गांव चीरसी स्थित जयराज वकील के खेतों में 28 अक्तूबर को मजदूर धान की कटाई कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने खेत में कटा हुआ हाथ पड़ा देखा। मजदूरों ने इसकी सूचना जयराज को दी। खेत में कटा हुआ हाथ मिलने की खबर से वहां ग्रामीण जमा हो गए।
लोगों ने आसपास छानबीन की तो देखा कि पास ही निर्माणाधीन बिल्डिंग में एक सड़ा गला शव पड़ा था। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे थाना तिगांव प्रभारी ने पड़ताल करते हुए क्राइम ब्रांच की टीमों को बुला लिया था। पुलिस ने गांव चीरसी निवासी सूबे सिंह की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी।