फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   Female doctor murder in Delhi, found dead body in flat, fellow Doctor absconding

दिल्ली: महिला डॉक्टर की गला रेतकर हत्या, फ्लैट में खून से लथपथ मिला शव, साथी फरार

Thu, 02 May 2019 05:20 AM IST
देव कश्यप न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: देव कश्यप Updated Thu, 02 May 2019 05:20 AM IST
विज्ञापन
Female doctor murder in Delhi, found dead body in flat, fellow Doctor absconding
मृतक डॉक्टर गरिमा (फाइल फोटो) - फोटो : अमर उजाला

मध्य दिल्ली के रंजीत नगर में एक महिला डॉक्टर की गला रेतकर हत्या कर दी गई।  मंगलवार रात उसका शव फ्लैट में खून से लथपथ मिला। उसके गले पर किसी धारदार हथियार से कट का निशान मिले हैं। मृतका की शिनाख्त राजेंद्र नगर, गोरखपुर, यूपी निवासी डॉ. गरिमा मिश्रा (29) के रूप में हुई है। वह दिल्ली में रहकर एमडी के लिए कोचिंग कर रही थी।  गरिमा के फ्लैट में रहने वाला उसका दोस्त बहराइच निवासी डॉक्टर चंद्र प्रकाश वर्मा उर्फ सीपी फरार है।  

विज्ञापन


पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर एक टीम को बहराइच रवाना कर दिया है। शुरुआती जांच के बाद  प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका जताई जा रही है। डॉ. गरिमा दो दोस्त चंद्र प्रकाश वर्मा उर्फ सीपी और राकेश यादव के साथ 3132, गली नंबर-2, रंजीत नगर में रहती थी।  मंगलवार रात करीब 11.00 बजे गरिमा के फोन नहीं उठाने पर दिल्ली के शेख सराय में रहने वाला बुआ का लड़का शिवेंद्र पांडेय गरिमा के फ्लैट पर पहुंचा।  उसके कमरे का बाहर से ताला बंद था और अंदर पंखा चल रहा था। शक होने पर उसने रोशनदान से झांककर देखा तो खून से लथपथ गरिमा अंदर फर्श पर पड़ी थी। शिवेंद्र ने शोर मचाकर पड़ोसियों को इकट्ठा किया। पुलिस को सूचना देने के बाद दरवाजा तोड़ा गया और कैट्स एंबुलेंस की मदद से गरिमा को लेडी हार्डिंग अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया ।  क्राइम टीम को गरिमा के कमरे से झगड़े के निशान मिले हैं। पुलिस को  साथी डॉक्टर चंद्र प्रकाश पर हत्या का शक है।
विज्ञापन


गरिमा ने एमडी की तैयारी के लिए छोड़ दी थी नौकरी
चंद्रप्रकाश और गरिमा तीन माह पूर्व करोलबाग स्थित एनसी जोशी अस्पताल में डॉक्टर थे। दोनों ने एमडी की तैयारी के लिए जनवरी में अस्पताल से नौकरी छोड़ दी थी। फिलहाल वे राजेंद्र नगर की भाटिया कोचिंग से एमडी की तैयारी कर रहे थे।  राकेश यादव अपोलो अस्पताल में डॉक्टर है। मकान मालिक गौतम खुराना के मुताबिक, तीनों ने मिलकर दो रूम का फ्लैट किराए पर लिया हुआ था। एक कमरे में गरिमा रहती थी, जबकि दूसरे कमरे में राकेश व चंद्र प्रकाश रहते थे।   

विज्ञापन
विज्ञापन

डॉ चंद्र प्रकाश का बंद आ रहा मोबाइल

मां का नहीं उठाया था कॉल 
गरिमा के घर जाने से पहले  करीब 8.30 बजे शिवेंद्र पांडेय ने उसे कॉल किया था। लेकिन कई बार फोन करने के बाद भी गरिमा ने फोन नहीं उठा। मां ने भी गरिमा को कॉल किया तो उसने फोन नहीं उठा।  शक होन पर गरिमा की मां ने शिवेंद्र को कॉल कर गरिमा को जाकर देखने के लिए कहा था। 

गरिमा के साथ रहने वाले डॉ राकेश यादव ने बताया कि रात करीब 9.00-9.15 बजे उसने चंद्र प्रकाश को बैग लेकर हड़बड़ाहट में जाते देखा था। इसके बाद से लगातार उसका मोबाइल बंद आ रहा है।  शुरूआती जांच के बाद पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चंद्र प्रकाश ने ही किसी वजह से गरिमा की हत्या की है। 


बंगलूरू में रहने वाले सगे भाई से की आखिरी बार फोन पर बात 
 रंजीत नगर इलाके में डॉक्टर गरिमा की हत्या रात 8.00 बजे से 8.30 बजे के बीच की गई। छानबीन में पुलिस को पता चला है कि गरिमा ने रात करीब आठ बजे बुआ के लड़के शिवेंद्र पांडेय को कॉल किया था, लेकिन वह फोन नहीं उठा पाया। इसके बाद गरिमा ने बंगलूरू में रहने वाले सगे भाई ज्योर्तिमय मिश्रा से बातचीत की। गरिमा ने उन्हें बताया कि कोचिंग की छुट्टी होने के कारण वह रात 10 बजे की बस पकड़कर गोरखपुर निकलने वाली है। उधर, शिवेंद्र ने रात 8.30 बजे गरिमा को कॉल किया तो उसका फोन नहीं उठा। परिजन लगातार 11 बजे तक उसके मोबाइल पर कॉल करते रहे, लेकिन उससे किसी की बात नहीं हो सकी। देर रात को शिवेंद्र जब उसके फ्लैट पर पहुंचा तो उसकी हत्या का पता चला।

मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि गरिमा की बुआ का लड़का शिवेंद्र पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। उन्होंने पुलिस बताया है कि गरिमा ने मंगलवार दिन में तीन बजे उसे कॉल किया। कोचिंग की 11 मई तक छुट्टी होने की जानकारी दी। गरिमा ने शिवेंद्र से कहा कि वह उसका बस का टिकट करवा दे। शिवेंद्र ने मंगलवार रात 10 बजे का ऑनलाइन टिकट भी बुक कराकर उसके मोबाइल पर भेज दिया था। गरिमा को रात दस बजे मयूर विहार एक्सटेंशन से बस में सवार होना था। दिन में कई बार  गरिमा की शिवेंद्र से इस संबंध में बातचीत हुई थी। रात में गरिमा के फोन नहीं उठाने पर शिवेंद्र ने गोरखपुर जाने वाली बस के चालक को कॉल करभी  पूछा कि सीट नंबर-6 की सवारी गरिमा बस में सवार हुई की नहीं। बस चालक ने बताया कि गरिमा बस में नहीं पहुंची है। 

 

हत्यारे से गरिमा की हुई थी नोकझोंक

हत्या की सूचना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों सहित क्राइम टीम ने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।  शुरूआती जांच के बाद पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या से पूर्व गरिमा की हत्यारे से खूब नोकझोंक हुई थी। गरिमा ने हत्यारे से बचने का पूरा प्रयास किया। कमरे से इसके सबूत मिले हैं। यदि डॉ. चंद्र प्रकाश ने ही गरिमा की हत्या की तो उसके पीछे क्या वजह थी, पुलिस इसका पता लगाने का प्रयास कर रही है। उनका कहना है कि चंद्र प्रकाश के पकड़े जाने के बाद ही हत्या की असली वजहों का पता चल पाएगा।

वारदात के समय डॉ. राकेश गया था हनुमान मंदिर
चंद्र प्रकाश के साथ कमरे में रहने वाले डॉक्टर राकेश यादव ने पुलिस को बताया है कि मंगलवार होने के कारण वह घर के पास ही स्थित हनुमान मंदिर में दर्शन के लिए गया था। रात करीब 9.00 बजे वह घर पहुंचा तो चंद्र प्रकाश उसे जीने पर मिला। उसके हाथ में एक बैग था। राकेश ने चंद्र प्रकाश से पूछा कि वह कहां जा रहा है तो वह बिना कुछ कहे हड़बड़ाहट में चला गया। इसी दौरान राकेश के मोबाइल पर एक कॉल आ गया। वह फोन सुनता हुआ ऊपर चढ़ गया। फोन सुनने के बाद वह  काम में व्यस्त हो गया। उसे गरिमा और चंद्र प्रकाश का ख्याल ही नही रहा। रात करीब 11 बजे शिवेंद्र फ्लैट पर पहुंचा तो उसे गरिमा की हत्या और चंद्र प्रकाश के फरार होने का पता चला। अपने बयान में राकेश ने पुलिस को चंद्र प्रकाश पर ही हत्या का शक जताया है।

सदमे में है गरिमा का परिवार
बचपन से गरिमा का सपना था कि वह डॉक्टर बने। उसने सपने को पूरा भी कर दिखाया और नौकरी के लिए दिल्ली आ गई। डॉक्टरी की पढ़ाई  के लिए उसने अस्पताल से नौकरी छोड़ दी। गरिमा एमडी में दाखिले के लिए जनवरी माह से कोचिंग कर रही थी। उसे पूरी उम्मीद थी कि इस साल वह एमडी में दाखिला ले लेगी। उधर, मौत की खबर से गरिमा का परिवार गहरे सदमे में है। माता-पिता का रोते-रोते बुरा हाल है। परिवार गोरखपुर से दिल्ली के लिए रवाना हो चुका है।

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed