{"_id":"cf0979836108bf6d9fedd30dc4e356ba","slug":"children-put-police-in-trouble","type":"story","status":"publish","title_hn":"बच्चों ने उड़ा दिए पुलिस के होश","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
बच्चों ने उड़ा दिए पुलिस के होश
अमर उजाला, दिल्ली
Updated Thu, 26 Dec 2013 12:37 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली के उत्तम नगर से एक साथ छह बच्चों के गायब होने की सूचना के बाद मंगलवार सुबह पुलिस के होश उड़ गए।
विज्ञापन
इसके बाद कई थानों की पुलिस के अलावा स्पेशल स्टाफ और क्राइम ब्रांच की टीम को उनकी तलाश में लगा दिया गया। मेहनत रंग लाई और शाम को सभी छह बच्चे तिलक नगर इलाके में सकुशल मिल गए।
पूछताछ में बच्चों ने बताया कि सोमवार सुबह वे घूमने के इरादे से एक साथ निकले थे। देर होने पर माता-पिता के डर की वजह से वे घर नहीं लौटे थे।
पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त रणवीर सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह 9.00 बजे उत्तम नगर इलाके के कुछ लोगों ने अपने बच्चों के गायब होने की सूचना दी।
परिजनों ने बताया कि गायब सभी छह बच्चों की उम्र आठ से 13 साल के बीच है। वे पड़ोस में रहते हैं और आपस में दोस्त हैं। सभी घर के पास एक पार्क में एक साथ खेलते थे।
विज्ञापन
सोमवार सुबह 9 बजे से बच्चे गायब हैं। इसके बाद पुलिस ने अपहरण के अलग-अलग चार मामले दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी।
बच्चों की तलाश में करीब एक दर्जन से अधिक टीमों को लगा दिया गया। बच्चों की बड़ी-बड़ी फोटो बनवाकर पुलिसकर्मियों को दे दी गई।
इसके अलावा पुलिस की सभी साइट पर बच्चों की फोटो अपलोड कर दी गईं। पुलिस ने रेलवे स्टेशन, पार्क, बस अड्डों के अलावा अन्य कई जगहों पर बच्चों की तलाश शुरू की।
विज्ञापन
काफी मशक्कत के बाद फोटो के आधार पर एक बच्चा तिलक नगर गुरुद्वारे के पास मिल गया। इसके बाद पुलिस ने कुछ ही दूरी पर बाकी बच्चों को भी ढूंढ निकाला। इसके बाद सभी बच्चों को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के सामने पेश करने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
बच्चों ने बताया कि वे सभी इंडिया गेट, मॉल और सिनेमा देखने के लिए घर से निकले थे। रात होने पर वे सभी पिटाई के डर से घर नहीं लौटे। फतेह नगर के गुरुद्वारे में खाना खाने के बाद उन्होंने रात एक पार्क में गुजारी। परिजन गायब अपने बच्चों को पाकर बेहद खुश थे।