प्यास के बहाने पिता को भेज कर चुराई बच्ची
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ग्रेटर नोएडा में एक दंपति अपनी डेढ़ माह की बच्ची को अस्पताल इंजेक्शन लगवाने लाए थे पर अस्पताल में उनके सात कुछ ऐसा हुआ कि जिससे उनकी दुनिया ही बदल गई।
अगर उन्हें पता होता कि उनकी बच्ची की सुरक्षा के लिए वो जिस इंजेक्शन को लगवाने आए हैं उसे लगवाना या कह लें अस्पताल आना इतना महंगा पड़ेगा तो शायद वो सतर्कता बरतते। या फिर शायद इस अस्पताल आते ही नहीं।
हम बात कर रहे हैं ग्रेटर नोएडा में शारदा अस्पताल में मंगलवार को हुई घटना की। अस्पताल में किसी अज्ञात महिला ने एक पिता को गच्चा देकर उसकी बच्ची को चुरा लिया।
पिता को बेवकूफ बना गई चोरनी
शारदा अस्पताल की ये घटना सुबह करीब साढ़े 11 बजे उस समय हुई जब एक दंपति अपनी बच्ची को इंजेक्शन लगवाने अस्पताल ले गए थे।
सीओ अनुराग सिंह ने बताया कि मूलत: बिहार के पश्चिम चंपारण निवासी माफीजुला अंसारी अपनी पत्नी शबनम खातून के साथ ग्रेटर नोएडा की गौर सिटी में काम करता है और वहीं पर रहता है।
मंगलवार को वह अपनी डेढ़ माह की बच्ची शाहना खातून को इंजेक्शन लगवाने के लिए शारदा अस्पताल लेकर पहुंचा था। बच्ची डॉक्टर को दिखाई और फिर पत्नी को इंजेक्शन लेने के लिए मेडिकल स्टोर पर भेज दिया।
पानी लाने गया था अंसारी
अंसारी की बीवी जब इंजेक्शन लेने गई तो वो बीच में पड़ी कुर्सियों पर बैठ गया। इसी बीच एक अधेड़ महिला उसके पास जाकर बैठ गई। महिला युवक से बोली कि बेटा उसका गला सूख रहा है, वह उसके लिए शीतल पेय ला दे।
इतना कहते ही महिला ने युवक के हाथ में पांच सौ रुपये का नोट थमा दिया। युवक उस महिला को इनकार नहीं कर पाया और रुपये लेकर पेय पदार्थ लेने चला गया। जब वापस आया तो महिला और उसकी बच्ची गायब थे। पहले तो युवक ने महिला को तलाश किया लेकिन जब नहीं दिखाई दी तो उसने चिल्लाकर अपनी पत्नी को आवाज दी।
शोर सुनकर आसपास के सभी लोग जमा हो गए। बच्ची को चुरा ले जाने की खबर सुनते ही अस्पताल प्रशासन सन्न रह गया। अस्पताल की ओर से तत्काल पुलिस को सूचित किया गया और पुलिस ने सभी रास्तों पर चेकिंग शुरू कर दी, लेकिन बच्ची का कोई पता नहीं चल पाया।
CCTV फुटेज में पहचानी गई आरोपी
बच्ची के गायब होते ही पूरे अस्पताल में हड़कंप मच गया और तुरंत सभी रास्तों पर चेकिंग शुरू कर दी गई। बहुत ढूंढने पर भी बच्ची का कुछ पता नहीं चला तो अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचना कर दी फिर पुलिस ने अपनी जांच शुरू कर दी। पुलिस को अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी उपलब्ध कराए गए हैं जिसमें आरोपी महिला की पहचान कर ली गई है।
सीओ अनुराग सिंह ने कहा है कि बच्ची की तलाश के लिए आसपास के थानों और जिलों में सूचना दे दी गई है। बच्ची का फोटो भी भेज दिया है। हालांकि सीसीटीवी फुटेज से महिला की पहचान हो गई है। आरोपी जल्द पकड़ी जाएगी।
वहीं अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक रोहित सक्सेना ने बताया कि अस्पताल ने पुलिस को पूरे मामले की सूचना दे दी है। अस्पताल स्टाफ को भी बच्ची की तलाश के लिए लगाया गया है। पुलिस को सीसीटीवी की फुटेज मुहैया करा दी गई है। उम्मीद है जल्द ही बच्ची को ढूंढ निकाला जाएगा।