{"_id":"586bd61e4f1c1b1c7e159138","slug":"became-a-cop-woman-cheated-gold","type":"story","status":"publish","title_hn":"खाकी को भी नहीं बख्शा : पुलिसकर्मी बन महिला से ठगे सोने के कंगन","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
खाकी को भी नहीं बख्शा : पुलिसकर्मी बन महिला से ठगे सोने के कंगन
ब्यूरो/अमर उजाला, नई दिल्ली
Updated Wed, 04 Jan 2017 01:45 PM IST
विज्ञापन
- फोटो : Demo Pic
सब्जी मंडी इलाके में पुलिस वाले बनकर महिला से ठगी करने का मामला सामने आया है। बदमाशों ने महिला को इलाके में हत्या होने की बात कहकर कंगन को बैग में रखने के लिए कहा और मदद का बहाना बनाकर कंगन ले उड़े। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
प्रतिमा भाटिया (58) पति विजय भाटिया व परिवार के अन्य सदस्यों के साथ कश्मीरी गेट इलाके में रहती हैं।
सोमवार को वह तीस हजारी स्थित क्वीन मेरी स्कूल से बच्चे के लिए एडमिशन का फॉर्म लेने गई थीं। फॉर्म लेने के बाद वह पैदल ही घर आ रही थी। खन्ना मार्केट में एक शख्स प्रतिमा से मिला और खुद को दिल्ली पुलिस का सिपाही बताया। उस शख्स ने प्रतिमा को अपने साहब से मिलने के लिए कहा। जब प्रतिमा उसके पास पहुंची तो उसने बताया कि कल इस जगह पर लूटपाट के दौरान एक शख्स की हत्या कर दी गई थी।
विज्ञापन
इस जगह पर जेवरात पहनकर जाने वालों पर पुलिस जुर्माना लगा रही है। आरोपी ने बताया कि वह अपने कंगन उतारकर बैग में रख ले। मदद करने की बात कहकर आरोपी ने प्रतिमा के हाथ से चार सोने के कंगन उतार लिए। आरोपी ने कंगन को कागज में लपेट कर प्रतिमा को सौंप दिए। प्रतिमा ने कुछ दूर जाने पर कागज को खोलकर देखा तो उसमें नकली चूड़ियां थीं। उसने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई लेकिन आरोपी फरार हो चुके थे। प्रतिमा ने पुलिस को बताया कि उसके कंगन साढ़े चार तोले के थे। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन