अपार्टमेंट से पूजा की कद-काठी और वजन की डमी गिराकर सुलझेगी मौत की गुत्थी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सद्भावना अपार्टमेंट (सेक्टर-46) की पांचवीं मंजिल से संदिग्ध हालात में गिरी पत्रकार पूजा की मौत की गुत्थी पुलिस डमी से सुलझाने की तैयारी कर रही है। फोरेंसिक लैब मधुबन में पूजा की कद-काठी और वजन की डमी तैयार की जा रही है।
डमी तैयार होते ही फोरेंसिक एक्सपर्ट उसे घटनास्थल से गिराकर गिरने की परिस्थितियों का पता लगाएंगे। मालूम हो कि पत्रकार पूजा तिवारी ने एक डॉक्टर दंपति के खिलाफ अप्रैल माह में स्टिंग ऑपरेशन किया था। डॉक्टर दंपति ने पूजा और उसके साथी अनुज मिश्रा के खिलाफ सेंट्रल थाने में केस दर्ज कराया था।
केस दर्ज होने के बाद दोस्त इंस्पेक्टर अमित पूजा को सुरक्षित स्थान पर ले जाने की बात कह सद्भावना अपार्टमेंट ले गया था। पूजा वहां 22 अप्रैल को शिफ्ट हुई थी, इसी दिन इंदौर में रहने वाली उसकी दोस्त अमरीन खान भी फ्लैट में आई थी।
गुस्साई पूजा ने बालकनी से लगा दी थी छलांग
1 मई की रात पूजा और इंस्पेक्टर अमित में झगड़ा हुआ था। रात करीब सवा एक बजे फ्लैट की बालकनी से संदिग्ध हालात में गिरकर पूजा की मौत हो गई थी। इंस्पेक्टर अमित ने पुलिस को बताया था कि गुस्साई पूजा ने बालकनी से छलांग लगा दी थी, उसने पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन पूजा का हाथ उसके हाथों से फिसल गया था।
खास बात यह थी कि पूजा का शव जमीन पर करीब चार फीट की दूरी पर बालकनी के समानांतर पड़ा मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पूजा के सिर और पसलियों में चोट आना बताया गया था, जबकि उसके पैरों में चोट नहीं थी।
पूजा बालकनी से कैसे और किन हालात में गिरी, इसकी तहकीकात फोरेंसिक टीम दो बार कर चुकी है, बावजूद इसके कई सवालों के उत्तर नहीं मिल सके हैं। डीसीपी एनआईटी पूरनचंद पवार ने बताया कि मौत की गुत्थी सुलझाने के लिए डमी बनवाई जा रही है, डमी को नीचे गिराकर सही तथ्य सामने आएंगे।