अंकित गुर्जर पुलिस कस्टडी से फरार, छह पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सुंदर भाटी गैंग का शूटर और 75 हजार का इनामी बदमाश अंकित गुर्जर सोमवार सुबह पुलिस कस्टडी से फरार हो गया। पुलिस ने लापरवाही के आरोप में छह पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, जिस फ्लैट से वह भागा उसके मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
अंकित गुर्जर वर्षों से हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सुंदर भाटी गैंग का सक्रिय सदस्य है। विजय पंडित हत्याकांड के बाद उसे 23 नवंबर 2014 को नोएडा के सेक्टर-39 इलाके से गिरफ्तार किया गया था।
माफिया नेटवर्क होने के कारण अंकित को महराजगंज जिला जेल में शिफ्ट किया गया था। सोमवार को महराजगंज से उसे छह पुलिसकर्मी सूरजपुर कोर्ट में पेशी कराने लाए थे।
अंकित नहाने के बहाने बाथरूम गया
पेशी से पहले उसके गांव के साथी बदमाश ललित के मामा के लड़के ओम के स्वर्णनगरी सेक्टर स्थित पार्श्वनाथ सोसायटी के 302 नंबर फ्लैट पर गाजियाबाद स्टेशन से लाया गया था। फ्लैट में छह पुलिसकर्मियों के अलावा अंकित गुर्जर, उसके चार साथी व फ्लैट मालिक थे। इस दौरान अंकित नहाने के बहाने बाथरूम गया।
पुलिसकर्मियों ने फ्लैट में उसकी हथकड़ी खोल रखी थी और दूसरे कमरे में पुलिसकर्मी नाश्ता कर रहे थे। इस दौरान उसके चारों साथी बहाना बनाकर जाने लगे। पूछने पर अंकित के बाथरूम में होने की बात कही और निकल गए। जब काफी देर तक अंकित बाथरूम से बाहर नहीं आया तो पुलिसकर्मियों ने बाथरूम का दरवाजा खटखटाया।
अंदर से आवाज नहीं आने पर पुलिसकर्मियों को शक हो गया। जब नीचे आकर देखा तो जिस गाड़ी से वह आया था वह नहीं थी। बाथरूम का दरवाजा तोड़ने पर पता चला कि वह खिड़की से भाग गया। इसके बाद कासना थाने में अंकित के फरार होने की शिकायत की।
बदमाशों की गाड़ी से आए थे पुलिसकर्मी
महराजगंज से लखनऊ तक अंकित पुलिस की गाड़ी से आया। यहां से पुरुषोत्तम एक्सप्रेस से पुलिसकर्मियों के साथ ट्रेन से गाजियाबाद स्टेशन पर उतरा। यहां उसे लेने के लिए उसका साथी पहुंचा था। यहां से एक गाड़ी में तीन पुलिसकर्मी और अंकित गुर्जर और दूसरी गाड़ी में तीन साथियों के साथ तीन पुलिसकर्मी ग्रेटर नोएडा के स्वर्णनगरी स्थित फ्लैट पहुंचे थे।
यहां से फ्रेश होकर उन्हें कोर्ट जाना था। अंकित गुर्जर पर दादरी में बीजेपी नेता विजय पंडित, फरीदाबाद में नरेंद्र, जारचा में ट्रांसपोर्टर विनय जोशी के अलावा साहिबाबाद में एक व्यापारी के मर्डर का आरोप है। अंकित गुर्जर की गिरफ्तार मुठभेड़ के बाद हुई थी।
पकड़े जाने के बाद एसटीएफ को उसके पास से नाइन एमएम की पिस्टल, कई कारतूस, एक होंडा सिटी गाड़ी, दो मोबाइल व नगदी बरामद की थी।