दिल्ली से छात्रा को उठाकर, नोएडा में गैंगरेप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली के हर्ष विहार इलाके में नौवीं कक्षा की छात्रा को कार सवार कुछ युवकों ने अगवा कर गैंगरेप किया। आरोपी पीड़ित छात्रा को गौतमबुद्ध नगर के दनकोर इलाके में गांव धनोरा ले गए। वहां दो युवकों ने वारदात को अंजाम दिया।
इसके बाद आरोपी पीड़िता को मेरठ के एक गांव भी लेकर पहुंचे, लेकिन पुलिस का दबाव बढ़ने के बाद आरोपी छात्रा को दिल्ली छोड़कर फरार हो गए। छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण कर गैंगरेप की धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी युवकों की तलाश शुरू कर दी है।
हर्ष विहार थाना पुलिस अधिकारी दावा कर रहे हैं कि जल्द ही दोनों को दबोच लिया जाएगा। पुलिस के मुताबिक सपना (14)(बदला हुआ नाम) परिवार के साथ हर्ष विहार इलाके में रहती है। सपना पास के सरकारी स्कूल में नौंवी कक्षा की छात्रा है।
पढ़ाई करने के अलावा वह घर के पास ही ब्यूटी पार्लर का काम भी सीख रही है। गत 19 अगस्त को सपना दोपहर के समय ब्यूटी पार्लर जाने के लिए घर से निकली। इस बीच पड़ोस के रहने वाले दिनेश (21) व उसके मामा के लड़के मनीष व दो अन्य युवकों ने उसे कार से अगवा कर लिया।
थाने में पुलिसवालों ने भी की बदसलूकी
एक पड़ोसी ने सपना को अगवा करते हुए देखकर परिवार को सूचना दी। फौरन परिवार ने दिनेश और मनीष के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने परिवार की सूचना पर अपहरण का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी।
इधर दिनेश सपना को अपनी रिश्तेदारी के गांव धनोरा लेकर पहुंचा। सपना का आरोप है कि वहां दिनेश और मनीष ने उसको अपनी हवस का शिकार बनाया। वहां से अगले दिन दिनेश सपना को लेकर मेरठ के एक गांव में पहुंचा।
इधर, पुलिस ने दिनेश के परिवार पर दबाव बनाया तो वह सपना को 21 अगस्त को अपने पिता के हवाले कर फरार हो गया। दिनेश का पिता ही सपना को लेकर थाने पहुंचा। सपना का आरोप है कि थाने में जब उसने बताया कि उसके साथ गैंगरेप हुआ तो पुलिसकर्मियों ने उसके साथ बदसलूकी की
आरोप है कि दिनेश के परिवार के दबाव में पुलिस ने गैंगरेप का मामला रफा-दफा करने का भी प्रयास किया। लेकिन परिवार के दबाव के बाद पुलिस ने गैंगरेप में मामला दर्ज कर लिया। मामले पर उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त परिवार के आरोपों से इंकार कर रहे हैं। उनका कहना है कि शिकायत मिलने के बाद फौरन मामला दर्ज कर लिया गया है।
महिला मरीज से अश्लील हरकत
दिल्ली में महिला मरीज से छेड़छाड़ के मामले में महिला कोर्ट ने सरकारी अस्पताल के पुरुष नर्स को एक साल कैद व जुर्माने की सजा सुनाई है। अदालत ने ऐसे मामलों पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि महिलाए अस्पताल में इलाज के दौरान स्टाफ से भी सुरक्षित नहीं हैं। मामला राजौरी गार्डन के गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल का है।
तीस हजारी स्थित मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट एकता गाबा ने बृज बिहारी राठौर (32) को छेड़छाड़ का दोषी ठहराते हुए एक साल कैद व दस हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। मामला 17 मार्च 2008 की सुबह करीब पांच बजे का है, गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल की इमर्जेंसी में पेट दर्द की शिकायत लेकर गई थी। डॉक्टर ने जांच करने के बाद राठौर को इंजेक्शन लगाने के लिये कहा था।
पीड़िता को कमरे में बुलाकर राठौर ने उसकी मां को पानी लेने भेज दिया। पीड़िता की मां की गैर मौजूदगी में राठौर ने उसका नाम व मोबाइल नंबर लिख लिया। इस दौरान वह पीड़िता के शरीर को गलत तरीके से छूता रहा। इस घटना के बाद उसने पीड़िता को मोबाइल पर कॉल करके अकेले मिलने के लिए बुलाया। पीड़िता अपने जीजा और मां को लेकर उससे मिलने गई और उसे पकड़वा दिया।