Coronavirus: आजादपुर सब्जी मंडी में केवल 12 बजे तक होगा काम, व्यापारी नहीं कर सकेंगे जमाखोरी
- रोजाना मंडी होगी सैनिटाइज, दूरी को मेंटेन करना होगा अनिवार्य
- कोरोना संक्रमित के सामने आने के बाद बेलगाम मंडी को करने का लिया गया फैसला
- केशवपुर सब्जी मंडी में आम लोगों का प्रवेश बंद, केवल व्यापारी ही कर सकेंगे खरीद-बिक्री
विस्तार
व्यापारियों, पल्लेदारों, किसानों और आढ़तियों को भी अपने-अपने स्तर पर कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए फेसमास्क और सैनिटाइज़र का इस्तेमाल करने के लिए कहा गया है। केशवपुर सब्जी मंडी में आम लोगों का प्रवेश रोक दिया गया है। अब केवल व्यापारी ही यहां खरीद-बिक्री कर सकेंगे।
वहीं, बेलगाम की सब्जी मंडी को सोमवार से पूरी तरह से बंद करने का फैसला लिया गया है। अगले दो दिनों में व्यापारी केवल अपना बचा हुआ माल बेचकर खपा सकेंगे। मंडी के करीब दो व्यक्तियों के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद यह फैसला लिया गया है।
आजादपुर सब्जी मंडी के चेयरमैन आदिल अहमद ने अमर उजाला को बताया कि शनिवार को मंडी के सभी पदाधिकारियों और व्यापारियों की एक बैठक में यह फैसला लिया गया। मंगलवार से रोजाना सुबह में कामकाज शुरू होगा, लेकिन 12 बजे इसे पूरी तरह रोक दिया जायेगा।
इस दौरान किसान भी अपना सामान बेच सकेंगे। मंडी को कोरोना के संक्रमण से मुक्त कराने के लिए रोज इसे सैनिटाइज किया जायेगा। कामकाज के दौरान भी सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा ध्यान रखा जायेगा। बैठक में जिले की मुख्य पदाधिकारी और संगठन की वाइस चेयरमैन नेहा बंसल भी मौजूद थीं।
यह भी फैसला लिया गया है कि मंडी के व्यापारी उतना ही सामान खरीदेंगे, जिसकी वे आसानी से रोजाना खपत कर सकते हैं। किसी भी सामान का ज्यादा स्टॉक रखने की अनुमति नहीं दी जायेगी।
इससे मंडी में बेवजह कामकाज को कम किया जा सकेगा और आवश्यक सामानों की आपूर्ति पर भी असर भी नहीं पड़ेगा। मंडी में इस समय भी सामान्य कामकाज हो रहा है और पूरी राजधानी में यहां से फलों-सब्जियों की आपूर्ति की जा रही है।
केशवपुर सब्जी मंडी का कामकाज आधा
वहीं, राजधानी की केशवपुर सब्जी मंडी में कामकाज लगभग आधा रह गया है। मंडी के चेयरमैन राधेश्याम शर्मा ने बताया कि कोरोना के संक्रमण का खतरा कम करने के लिए मंडी में सामान्य लोगों के आने पर पूर्ण पाबंदी लगा दी गई है।
अब केवल व्यापारी और थोक में सब्जी खरीदने वाले लोग ही मंडी में प्रवेश कर सकेंगे। मंडी के प्रवेश द्वार पर ही सुरक्षाकर्मियों को लगा दिया गया है और वे केवल व्यापारियों को ही प्रवेश करने की अनुमति देंगे।
राधे श्याम शर्मा के मुताबिक मंडी में रोजाना डेढ़ से दो करोड़ रुपये का कारोबार होता है, जो अब घटकर 75-80 लाख रुपये के करीब रह गया है। इस समय बीजों की कीमत भी स्थिर बनी हुई है। सबसे बेहतर किस्म का आलू भी 16-17 रुपये प्रति किलो की दर से बिक रहा है तो टमाटर को भी इससे ज्यादा कीमत नहीं मिल रही है।
बेलगाम सब्जी मंडी का हाल बेहाल
बेंगलुरु के करीब बेलगाम सब्जी मंडी में सोमवार से कामकाज पूरी तरह बंद करने का फैसला लिया गया है। मंडी के दो लोगों को कोरोना पोजिटिव पाए जाने के बाद मंडी का कामकाज रोकने का फैसला लिया गया। मंडी समिति से जुड़े सुनील कांबले के मुताबिक शहर में फलों और सब्जियों की कमी न हो, इसके लिए शहर से दूर चार अन्य जगहों पर व्यापार करने की अनुमति दी गई है।
इनमें धारवाड़ रोड पर एक जगह, पोद्दार स्कूल मैदान, इंदल ग्राउंड और आरटीओ सर्कल की जगह शामिल है। मंडी में 260 दलालों के जरिए 200 बड़े ट्रक और हजारों छोटी गाड़ियों का कामकाज होता है।
लेकिन कोरोना का मामला सामने आने के बाद यह ठप पड़ गया है। ट्रकों की आवाजाही की अनुमति मिलने के बाद कामकाज सामान्य हो रहा था, लेकिन इसी बीच कोरोना पॉजिटिव केस सामने आने के बाद व्यापार को दोबारा झटका लगा है।