प्रेमी संग मिलकर रची साजिश, सुपारी देकर बहू ने कराई हत्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ककोड़ के बुर्जरमानी गांव निवासी बसंती देवी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। 5 बीघा जमीन हड़पने के लिए बहू ने प्रेमी संग मिलकर 50 हजार रुपये की सुपारी देकर हत्या कराई थी।
पुलिस ने साजिश के आरोप में बहू को प्रेमी संग गिरफ्तार कर लिया, जबकि दोनों हत्यारोपी फरार हैं। सीओ द्वितीय अजय कुमार ने बताया कि बसंती देवी (80) के ओमकार और महिपाल दो बेटे हैं।
ओमकार एक साल पहले रहस्यमय हालत में लापता हो गया। उसका कुछ पता नहीं चल रहा। बसंती के पति की मौत हो चुकी है। पति की मौत के बाद 15 बीघा जमीन में से 5 बीघा जमीन उसके नाम पर आ गई।
जमीन के लालच में बहू ने रची साजिश
5-5 बीघा जमीन महिपाल और ओमकार के नाम पर है। बकौल सीओ, महिपाल की पत्नी राजबाला ने योजना बनाई कि ओमकार पहले से ही लापता है और यदि सास को मौत के घाट उतार दिया जाए तो 15 बीघा जमीन उसकी हो जाएगी।
राजबाला ने गांव के प्रेमी शीशपाल के साथ मिलकर सास को मारने की योजना बनाई। राजबाला और शीशपाल ने ककोड़ कोतवाली क्षेत्र के इनायतपुर गांव निवासी राजू और सलीम को बसंती की हत्या के लिए 50 हजार रुपये की सुपारी दी।
3 जनवरी को शीशपाल बसंती को उसके बेटे ओमकार के बारे में जानकारी दिलाने के लिए तांत्रिक के पास हरियाणा ले गया था। वहां से लौटते वक्त शीशपाल ने योजना के अनुसार यमुना पार करते ही राजू और सलीम के साथ बाइक पर बसंती को बैठाकर घर छोड़ने के लिए कहा।
बेटे ने दी थी गुमशुदगी की तहरीर
दोनों आरोपी महिला को जंगनपुर के जंगल में ले गए और वहां गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। आरोपी शव दनकौर के जंगल में फेंककर फरार हो गए थे।
3 जनवरी को मां के गायब होने पर महिपाल ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। उसी रात दनकौर में महिला का शव मिला। पुलिस ने हत्या की साजिश के आरोप में राजबाला और शीशपाल को गिरफ्तार कर लिया। हत्यारोपी अभी भी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार, जांच की जा रही है कि ओमकार लापता कैसे हुआ? चूंकि जिस प्रकार जमीन हड़पने को लेकर राजबाला ने साजिश रची कहीं उसी तरह ओमकार को भी तो लापता नहीं किया गया।