32 सालों में पहली बार होगा ऐसा, इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर नहीं जुटेंगे कांग्रेसी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गांधी परिवार समेत कांग्रेसी इस बार इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि 31 अक्तूबर को शांतिवन में बनी उनकी समाधि शक्ति स्थल पर नहीं जुटेंगे। कांग्रेस ने इस बार वहां होने वाले आयोजन को रद कर दिया है।
वजह दिल्ली में पक्षियों में फैला वायरस एच5एन8 है, जिसकी वजह से शक्ति स्थल के पास मौजूद झील में भी करीब 10 बतखों की मौत हो चुकी है। शांति वन का यह क्षेत्र आम लोगों के लिए बीते एक सप्ताह से बंद है।
बताते चले कि 31 अक्तूबर 1984 को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की उनके सुरक्षाकर्मियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। तब से हर वर्ष उनकी इस समाधि पर कांग्रेस पार्टी की ओर से आयोजन किया जाता रहा है, जिसमें गांधी परिवार समेत दिग्गज कांग्रेसी नेता शिरकत करते है।
32 सालों में पहली बार होगा ऐसा
बीते 32 सालों में यह पहला मौका होगा जबकि कांग्रेस की ओर से यहां कोई आयोजन नहीं किया जा रहा है। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अजय माकन ने बताया कि बर्ड फ्लू वायरस के चलते शक्ति स्थल के आयोजन को रद किया गया है।
हम इस बार 31 अक्तूबर को प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर एक बड़ा आयोजन कर रहे है, यह सुबह साढ़े सात बजे से होगा। उन्होंने बताया कि यह पहला मौका होगा जो कि शक्ति स्थल पर आयोजन नहीं हो रहा है, मगर हम प्रदेश में सभी कार्यकर्ताओं के साथ उन्हें याद करेंगे। यह एक बड़ा आयोजन होगा।
शक्ति स्थल के अलावा दूसरे आयोजन जैसे कि हर वर्ष इंदिरा गांधी के आवास रहे एक सफदरजंग पर सुबह आठ बजे कार्यक्रम होगा। जहां पर पार्टी के बड़े नेता शामिल होंगे। प्रदेश कार्यालय पर इस आयोजन को लेकर तैयारी चल रही है। बताया जा रहा है कि इस दिन के लिए इंदिरा गांधी की एक बड़ी मूर्ति भी बनवाई जा रही है।