कांग्रेस को झटका, भाजपा में गईं कृष्णा तीरथ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा ने दिल्ली विधानसभा चुनावों से ठीक पहले कांग्रेस को तगड़ा झटका दिया है। कांग्रेस की दिल्ली इकाई की बड़ी नेता कृष्णा तीरथ भाजपा में शामिल हो चुकी हैं। उन्होंने आज भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात की। वह आज शाम भाजपा में शामिल हुई हैं।
कृष्णा तीरथ यूपीए की पिछली सरकार में महिला एवं बाल विकास मंत्री रह चुकी हैं। 1984 से 2004 तक वह दिल्ली विधानसभा की सदस्य भी रह चुकी हैं। 1998 में दिल्ली में बनी शीला दीक्षित की पहली सरकार में वह मंत्री भी रही थी। 2003 में वह दिल्ली विधानसभा की उपाध्यक्ष भी बनीं।
तीरथ को दिल्ली में कांग्रेस का दलित चेहरा माना जाता रहा है। 2004 और 2009 में वह उत्तर-पूर्वी दिल्ली से लोकसभा के लिए चुनी गईं थी। पिछले लोकसभा चुनावों में वह भाजपा नेता उदित राज के हाथों हार गईं।
भाजपा में फिर बढ़ी बाहरी नेताओं की भीड़
भाजपा दिल्ली में भी उसी रणनीति पर आगे बढ़ रही है, जिसके जरिए उसने लोकसभा और पिछले तीन विधासभा चुनाव जीते हैं। उन चुनावों में दूसरी पार्टी के कई बड़े नेताओं को भाजपा में शामिल कराया गया। पार्टी ने उन्हें टिकट भी दिए।
उन नेताओं के बूते भाजपा ने अन्य पार्टियों के खिलाफ बढ़त भी बनाई। दिल्ली में भी पिछले चंद दिनों में आप की नेता शाजिया इल्मी समेत किरण बेदी भाजपा में शामिल हो चुकी हैं।
आम आदमी पार्टी से निष्कासित पूर्व विधायक विनोद कुमार बिन्नी ने भी रविवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है। कहा जा रहा है कि दूसरी पार्टियों के कई अन्य नेता भी भाजपा में शामिल हो सकते हैं।
अमित शाह से मिलकर ये बोलीं कृष्णा तीरथ
'गुड़ खाने वाले को जलेबी मिलती है तो और अच्छा लगता है'
कांग्रेस की पूर्व केंद्रीय मंत्री कृष्णा तीरथ के भाजपा में शामिल होने की बात को लेकर जब कांग्रेस से उसकी प्रतिक्रिया पूछी गई तो माकन ने कहा कि अभी हमें इसकी जानकारी नहीं है। और बीजेपी को अपने नेताओं पर भरोसा नहीं है इसलिए वह नेताओं को इम्पोर्ट कर रही है।
वहीं कांग्रेस सांसद रंजीत रंजन ने कहा कि वो लोग जो अपनों के नहीं हो सके, वो दूसरों के क्या होंगे? वहीं दिल्ली बीजेपी के नेता रमेश भिधूड़ी ने कहा कि कोई जब गुड़ खाता है तो वो उन्हें अच्छा लगता है। लेकिन फिर जलेबी मिलती है तो और अच्छी लगती है।
वहीं बीजेपी के श्रीकांत शर्मा ने कहा कि कोई कांग्रेस में शामिल नहीं होना चाहता सब लोग विकास के लिए बीजेपी में शामिल होना चाहते हैं। बीजेपी के ही जीवीएल नरसिंहा राव ने कहा कि दिल्ली की जनता का मूड सबको पता है, बीजेपी यहां सत्ता में आएगी। इसलिए सारे नेता बीजेपी में शामिल हो रहे हैं।