जुनैद हत्याकांड: माकपा ने पीड़ित परिवार को दी 10 लाख की आर्थिक मदद
दिल्ली-मथुरा ईएमयू में सीट के विवाद में ईद से चार दिन पहले हुए जुनैद खान की हत्या हो गई थी। बुधवार को भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) ने पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी।
बुधवार को खंदावली गांव पहुंचीं माकपा पोलित ब्यूरो सदस्य, पूर्व राज्यसभा सदस्य कामरेड वृंदा करात और हरियाणा राज्य कमेटी के सचिव कामरेड सुरेंद्र मलिक ने जुनैद के पिता जलालुद्दीन और मां सायरा को पांच पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद दी। यह धनराशि केरल की जनता से चंदा कर इकट्ठा की गई है।
वृंदा करात ने बताया कि केरल के मुख्यमंत्री पिनारई विजयन जुलाई के अंतिम सप्ताह पार्टी की केंद्र्रीय कमेटी की बैठक में भाग लेने दिल्ली आए थे। 25 जुलाई को जुनैद के परिजन सीएम विजयन से मिले थे।
सीएम ने घटना की निंदा करते हुए पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता दिए जाने का आश्वासन दिया था। लौटने के बाद सीएम ने केरल की राज्य कमेटी से बात कर जनता से आर्थिक मदद की अपील की थी।
कानून व्यवस्था पर भी उठाए थे सवाल
उन्होंने कहा कि पार्टी जुनैद के परिवार के प्रति एकजुटता प्रकट करती है। अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले इसके लिए पार्टी जुनैद के परिवार की हर संभव मदद करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि रेलवे पुलिस जिस प्रकार से सरकार के दबाव में जुनैद हत्याकांड की जांच कर रही है उससे आम जनता का कानून व्यवस्था से विश्वास उठ जायेगा।
राज्य सचिव कामरेड सुरेन्द्र मलिक ने कहा कि माकपा सांप्रदायिक, जाति और लिंग के आधार पर नफरत फैलाकर कराई जा रही हत्याओं की ना केवल कड़ी निंदा करती है बल्कि इनके खिलाफ हर स्तर पर आवाज को बुलंद करेगी । पार्टी किसान, मजदूर, छात्र, नौजवान, महिलाओं को एकजुट कर सरकार के नव उदारीकरण, जाति एवं धर्म के नाम पर किए जा रहे ध्रुवीकरण जैसे क्रियाकलापों के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन तेज करेगी।