दिल्ली एनसीआर में आज शीतलहर के साथ घना कोहरा लोगों की मुसीबत बढ़ा रहा है। सामान्य तौर पर सुबह के समय दृश्यता 10 मीटर के आस-पास आ गई है। कोहरे से फ्लाइट्स औऱ रेल यातायात पर बुरा असर पड़ा है। इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा से उड़ानों को भी कुछ समय के लिए रोक दिया गया है।
मौसम की स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने दिल्ली एनसीआर में येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि दिन के समय आसमान साफ रहने की संभावना है। इसके साथ ही बुधवार को राजधानी में गरज के साथ बारिश और ओलावृष्टि होने के भी आसार हैं। राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार सुबह घना कोहरा छाया रहा जिसके कारण 27 ट्रेनें देरी से चलीं और विमानों का परिचालन बाधित हुआ।
न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस पर बना रहा जो इस मौसम में औसत तापमान से एक डिग्री नीचे है। रेलवे ने बताया, ‘‘27 ट्रेनें औसतन करीब तीन से चार घंटे की देरी से चलीं।’’
मालदा-दिल्ली फरक्का एक्सप्रेस ट्रेन और इलाहाबाद-नयी दिल्ली दुरंतो सहित कई ट्रेनें देरी से चलीं। मौसम विभाग के अधिकारी ने बताया कि सफदरजंग वेधशाला में दृश्यता सुबह साढ़े पांच बजे 200 मीटर दर्ज की गयी जो सुबह साढ़े आठ बजे तक घटकर 100 मीटर हो गयी।
पालम में दृश्यता सुबह साढ़े पांच बजे और साढ़े आठ बजे 50 मीटर दर्ज की गयी जिसके कारण इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर विमानों का परिचालन बाधित हुआ।