सीएम ने गुरुग्राम को दिया रैपिड मेट्रो साउथ एक्सटेंशन का तोहफा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मंगलवार को साइबर सिटी वासियों को रैपिड मेट्रो साउथ एक्सटेंशन (फेज-2) का तोहफा देते हुए कहा कि गुरुग्राम देश की सिलिकॉन वैली बन गया है। यह हरियाणा का ही नहीं, देश का महत्वपूर्ण शहर है।
सीएम ने रैपिड मेट्रो को हरी झंडी दिखाकर सेक्टर-55-56 चौक स्टेशन से रवाना किया। इस दौरान उनके साथ सुखराली स्थित राष्ट्रहित विद्यालय की उन 25 छात्राओं ने भी सवारी की, जिन्होंने इससे पहले मेट्रो से कभी यात्रा नहीं की। सीएम ने उनके साथ सेल्फी विद डॉटर भी खिंचवाई। करीब 30 मिनट तक सीएम ने रैपिड मेट्रो से सफर किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रैपिड मेट्रो का ट्रायल एक माह से चल रहा था। लेकिन आज इसका आधिकारिक उद्घाटन कर यह सेवा साइबर सिटी वासियों को समर्पित की गई है। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम सिलिकॉन वैली बन चुका है।
यहां की बढ़ती जनसंख्या, जाम की समस्या व प्रदूषण को कम करने के दिशा में सभी विभाग मिलकर शानदार काम कर रहे हैं। इस दिशा में रैपिड मेट्रो का काम उल्लेखनीय है। सीएम ने कहा कि गुरुग्राम आईटी-बीपीओ का बड़ा हब है। यहां काम करने वालों को रैपिड मेट्रो से बहुत फायदा होगा। उन्होंने कहा कि मॉस रैपिड ट्रांसपोर्ट सिस्टम को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार काम चल रहा है।
गुरुग्राम में बिछाया जाएगा मेट्रो का जाल
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुग्राम में मेट्रो का जाल बिछाया जाएगा। हुडा सिटी सेंटर से सुभाष चौक व रेलवे स्टेशन तक विस्तार किया जाएगा। डीएमआरसी की द्वारका स्थित मेट्रो के माध्यम से गुरुग्राम को सीधे दिल्ली एयरपोर्ट से जोड़ने की योजना है।
इसके अलावा गुरुग्राम, मानेसर व बावल तक भी मेट्रो विस्तार की प्लानिंग है। उन्होंने कहा कि धौलाकूंआ से हवाई मेट्रो (पॉड टैक्सी) चलाने की दिशा में योजना तैयार की जा रही है। इसके लिए केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से बात की जाएगी।
सड़कों को बनाया जा रहा है बेहतर
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुग्राम में सड़कों को बेहतर बनाने की दिशा में काम चल रहा है। सड़कों को चौड़ा किया जा रहा है। इफको चौक, सिग्नेचर टॉवर व राजीव चौक पर काम चल रहा है, जिसे जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने एसपीआर-एनपीआर पर चल रहे कार्य का भी जिक्र किया।
आधुनिक होगा गुरुग्राम रेलवे स्टेशन
मुख्यमंत्री ने कहा कि साइबर सिटी के नाम के मुताबिक गुरुग्राम का रेलवे स्टेशन भी आधुनिक होगा। इसे टर्मिनल के तौर पर विकसित किया जाएगा। आने वाले समय में पश्चिमी भारत से आने वाली ट्रेनों के आवागमन की दिशा में यह स्टेशन विशेष भूमिका निभाएगा।