सीएम केजरीवाल ने डॉक्टर असीम के परिवार को दी एक करोड़ की सम्मान राशि, बेटे ने लिखा भावुक खत
कोरोना वायरस से लोकनायक अस्पताल के जिस डॉक्टर असीम गुप्ता की मौत हुई थी आज दिल्ली के सीएम उनके परिवार से मिलने पहुंचे। मुख्यमंत्री ने डॉ. असीम के परिवार को एक करोड़ रुपये की सम्मान राशि भी प्रदान की।
केजरीवाल ने ट्वीट कर बताया कि आज डॉ. असीम के परिवार से मिला, जिनकी मौत कोरोना के कारण हो गई थी। हम 'जनता के डॉक्टर' को किसी तरह वापस तो नहीं ला सकते, लेकिन यह हमारा कर्तव्य है कि हम उनके परिवारों के लिए कुछ करें जिन्होंने हमारे लिए अपनी जान दे दी। आज हमने उनके परिवार को एक करोड़ की सम्मान राशि भी दी।
डॉ. असीम गुप्ता एलएनजेपी अस्पताल में एनेस्थेलॉजिस्ट थे। उनकी ड्यूटी आईसीयू में थी। पिछले कुछ महीनों से करोना के मरीजों का इलाज करने की उनकी ड्यूटी चल रही थी। उन्हें भी कोरोना हो गया और उनकी मृत्यु हो गई। अरविंद केजरीवाल शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे डॉक्टर गुप्ता के दिलशाद गार्डन स्थित आवास पहुंचे थे।
परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर केजरीवाल ने भरोसा दिलाया कि दिल्ली सरकार हर पल उनके साथ खड़ी है। बातचीत के बाद डॉक्टर असीम गुप्ता की पत्नी डॉ. निरुपमा को एक करोड़ रुपये की सम्मान राशि का चेक सौंपा।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि डॉ. असीम गुप्ता का जाना हम सबके लिए बड़ा नुकसान है। अभी उनके परिवार से मिला। डॉ निरुपमा उनकी पत्नी हैं, यह भी डॉक्टर हैं और नोएडा में काम करती हैं। डॉ. निरुपमा बता रही हैं कि यह यूपी सरकार में काम कर रही हैं, यह दिल्ली आना चाह रही हैं। उनकी इच्छा पूरी करने के लिए दिल्ली सरकार पूरी कोशिश करेगी।
डॉ. असीम के बेटे ने लिखा केजरीवाल को भावुक खत
केजरीवाल के जाने के बाद डॉ. असीम के बेटे ने उन्हें ट्विटर पर एक पत्र लिखकर धन्यवाद दिया। डॉ. असीम के बेटे ने लिखा कि मैं अक्षत गुप्ता यह खत मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को लिख रहा हूं और उनका आभार व्यक्त करना चाहता हूं क्योंकि उन्होंने मेरे पिता और परिवार को बहुत सहारा और इज्जत दी है।
अक्षत ने आगे लिखा कि आप प्यार भरे शब्द और समर्थन ने मेरे दिल को छू लिया है और इसके लिए मैं आपका आभारी रहूंगा। आपने सही ही कहा कि मेरे पिता जी का अपना ही तरीका था मरीजों की मदद करने का और उन्होंने कभी उनकी जाति के आधार पर कोई भेदभाव नहीं किया। हम एक बुरे समय में जी रहे हैं और पिता जी के न होने से यह समय और बुरा हो गया है, लेकिन आपके(मुख्यमंत्री) आशीर्वाद से हमारे परिवार को वापस शक्ति मिली है। न सिर्फ हम बल्कि देश ने एक महान आदमी और एक योद्धा खो दिया है।
अक्षत ने केजरीवाल के लिए लिखा कि मैं आपको सलाम करता हूं, जिस तरह से आपने इस महामारी को अब तक हैंडल किया है। आप जिस तरह से लोगों की सेवा कर रहे हैं वह प्रशंसनीय है। इतने व्यस्त होते हुए भी आपने समय निकालकर मेरे परिवार को फोन किया उनसे मिलने आए, इसने हमें साहस और हिम्मत दी है। मुझे उम्मीद है कि आपके काम कोविड महामारी को जल्द ही खत्म करेंगे। मैं आपके लिए हमेशा दुआ करूंगा कि आप और आपका परिवार स्वस्थ रहे। काश मैं आपसे मिलूं, मुझे लगता है मैं आपसे जल्द मिलूंगा।
' I am writing this letter to express my gratitude and my thanks for
the immense support and respect you have showered on my father and my family' Akshat Gupta, son of Late Dr Aseem Gupta writes a heartfelt note to Del CM @ArvindKejriwal #CoronavirusPandemic pic.twitter.com/DFl8xmOcUz
— Rupashree Nanda (@rupashreenanda) July 3, 2020