इस मेट्रो रूट पर दौड़ेंगे चीन के बनाए कोच, कुल खर्च 304 करोड़
नोएडा के सेक्टर-71 से ग्रेटर नोएडा रूट पर चाइनीज कोच वाली मेट्रो दौड़ेगी। 29 किलोमीटर लंबे ट्रैक के लिए 76 कोच खरीदे जाएंगे। बृहस्पतिवार को डीएमआरसी और चीनी कंपनी के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर हो गए हैं। एक कोच की करीब चार करोड़ रुपये कीमत है। कुल कीमत 304 करोड़ होगी।
इस रूट पर कुल 19 मेट्रो ट्रेन दौड़ेंगी। डीएमआरसी के रोलिंग स्टॉक के निदेशक एचएस आनंद और चीनी कंपनी सीआरआरसी नानजिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड के ली डिंगनान ने डीएमआरसी के सीएमडी मंगू सिंह और एनएमआरसी के महाप्रबंधक वित्त पीडी उपाध्याय की मौजूदगी में एमओयू पर हस्ताक्षर किए।
मई 2017 से कोच मिलने शुरू हो जाएंगे। इस रूट पर चार कोच वाली मेट्रो चलेगी। 76 कोच से 2021 तक की जरूरत पूरी हो सकेगी। अगर जरूरत पड़ी तो और भी कोच मंगवाए जा सकते हैं।
एक कोच की क्षमता करीब 370 यात्रियों को ढोने की
डीएमआरसी के मुताबिक, हर कोच की क्षमता करीब 370 यात्रियों को ढोने की है। इस लिहाज से चार कोच की ट्रेन एक बार में करीब 1500 यात्रियों को सफर करा सकेगी। जरूरत के हिसाब से छह कोच की ट्रेन भी भविष्य में चलाई जा सकती है।
ट्रेन की फ्रीक्वेंसी करीब पांच मिनट की होगी। कोच की डिजाइन को नोएडा-ग्रेनो प्राधिकरण के चेयरमैन रमा रमण की तरफ से पहले ही हरी झंडी मिल चुकी है। टेंडर प्रक्रिया से ही फैसला लिया गया।
आधुनिक तकनीकी सुविधाओं से लैस कोच पर प्रदेश की प्रमुख विशेषताएं उकेरी जाएंगी। ग्रेटर नोएडा मेट्रो का काम तेजी से चल रहा है। दिसंबर 2017 में ट्रेन सवारी ढोना शुरू कर देगी। इस ट्रैक को बनाने में 5533 करोड़ रुपये खर्च होंगे।