Chhath Puja 2023: नहाय-खाय के साथ आज से छठ पूजा शुरू, 19 और 20 नवंबर को सूर्य को अर्घ्य देंगी व्रतियां
कहते हैं कि अगर पूरी श्रद्धा से छठी मैया मन्नत मांगों तो वह जरूर पूरी होती है। नोएडा में धूमधाम के साथ छठ महापर्व मनाने की तैयारी है। नहाय खाय के साथ व्रतियां खरना से 36 घंटे के निर्जला व्रत की शुरुआत करेंगी। 19 और 20 नवंबर को सामूहिक रूप से कई बड़े आयोजन होंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
छठी मैया से अपने मन की मुराद मांगने की घड़ी अब नजदीक आ खड़ी है। शुक्रवार से शुरू हुए नहाय खाय के साथ आज व्रतियां खरना से 36 घंटे के निर्जला व्रत की शुरुआत करेंगी। चार दिवसीय छठ महापर्व को लेकर शहर के सेक्टर, सोसाइटियों में 100 से अधिक कृत्रिम घाट तैयार हो रहे है। घाटों के आसपास लाइटों व फूलों से साज-सज्जा की होने लगी। शहर में सबसे बड़ा छठ घाट प्रवासी महासंघ के सहयोग से नोएडा स्टेडियम में तैयार किया जा रहा है। जहां अर्घ्य देने के लिए हजारों की संख्या में व्रति जुटेंगे। 19 और 20 नवंबर को सामूहिक रूप से कई बड़े आयोजन होंगे।
केपटाउन सोसाइटी में बांटी जाती है चावल और गुड़ की खीर
सेक्टर-74 स्थित केपटाउन सोसाइटी की केपटाउन छठ पूजा समिति के सदस्य आनंद कुमार ने बताया कि हमारे हम आठ सालों से सोसाइटी में सामूहिक रूप से छठ महोत्सव मनाते आ रहे हैं। हम लोग सोसाइटी के क्लब एक के पास बने स्विमिंग पूल को छठ के मौके पर छठ घाट में तब्दील कर देते हैं। इस कार्यक्रम में एक हजार के करीब लोग शामिल होते हैं। समिति के सदस्य हिमांशु झा बताते है कि खरना पर हम लोग चावल व गुड़ की खीर बनाकर वितरित करते हैं। इसके साथ ही इस बार संध्या अर्घ्य पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा।
प्रसाद बनाते समय शुद्धता का रखा जाता है काफी ध्यान
सेक्टर-82 निवासी महाकाली देवी ने बताया कि वह बीस वर्षों से नोएडा में धूमधाम से छठ महापर्व मनाते हुए निर्जला व्रत रख रही हैं। वह बताती हैं कि इस पर्व पर प्रसाद बनाते समय शुद्धता का काफी ध्यान रखा जाता है। अगर खरना में व्रती के खाने में कंकड़ आ जाए तो व्रती का व्रत तक खराब हो जाता है। आदर्श छठ पूजा समिति नोएडा के अध्यक्ष आकाश चौधरी बताते हैं कि यह सेक्टर -62 में हमारे समिति का यह तीसरा कार्यक्रम हैं। लोगों की संख्या को देखते हुए इस वर्ष घाट का आकार बड़ा किया गया है। शुक्रवार तक घाट का सारा कार्य पूरा कर लिया गया और जो थोड़ा बहुत बचा है। उसे शनिवार तक पूरा कर लिया जाएगा। अब 19 नवंबर को इसमें गंगाजल से घाट भरा जाएगा।
बनाए गए कृत्रिम घाट
अखिल भारतीय प्रवासी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुन्ना कुमार शर्मा बताते हैं कि वह सेक्टर-75 में पिछले छह सालों से छठ महोत्सव का आयोजन करते आ रहे हैं। इससे पहले यह सेक्टर-71 में लगभग 15 सालों से आयोजन करते आ रहे थे। शहर में छठ की बड़े आयोजन नोएडा स्टेडियम, सेक्टर-62, 71,74, 75, भंगेल आदि जगहों पर होते हैं। छोटे-बड़े कार्यक्रम की बात करें तो शहर में 60 से अधिक जगहों पर सामूहिक रूप से आयोजन किया जाता है और इतनी ही संख्या में छठ पूजा समिति काम करती हैं। इसके साथ ही सोसाइटियों व घरों में सैकड़ों की संख्या में कृत्रिम घाट बनाया जाता है।
घाटों में गुलाब जल व पंखुड़ियां डालेंगे
शहर में कई जगह घाटों में गंगाजल के साथ ही गुलाब जल और गुलाब की पंखुड़ियों भी डाली जाएगी। इसके साथ ही दूर से आए व्रतियों की सुविधा के लिए सेक्टर-62 स्थित छठ घाट पर 19 नवंबर की रात को रुकने की भी व्यवस्था की गई है। नोएडा प्राधिकरण के सीईओ लोकेश एम ने सभी संबंधित अधिकारियों को छठ पर्व के मौके पर गंगाजल की आपूर्ति बेहतर करने और घाटों पर पानी के टैंक व निर्माण के निर्देश दिए हैं। नोएडा में 50 के करीब घाट प्राधिकरण के सहयोग से बनाए गए हैं।
पूजा सामग्री से सजे बाजार
बाजारों में पूजा सामग्रियों के साथ कपड़ों की भी खूब खरीदारी हो रही है। पूजा सामग्री के लिए शहर में नारियल, गागर, गन्ना, केला, सेब, अमरूद, मूली, कच्ची हल्दी, अदरक, टोकरा, सूप, टाब, शकरकंदी, सब्जियां आदि चीजों की ब्रिकी हो रही है।
सेक्टर-12 निवासी रीता ठाकुर ने बताया कि मैं 17 वर्ष की उम्र से ही निर्जला का व्रत करती आ रही हूं। कहते हैं अगर पूरी श्रद्धा से छठी मैया मन्नत मांगों तो वह जरूर पूरी होती है। मेरी भी हर मनोकामना छठी मैया ने पूरा किया है। नोएडा में रहते हुए मुझे 24 वर्ष हो गए और यहां भी हम गांव के जैसे पूरी धूमधाम के साथ छठ महापर्व मनाते आ रहे है। इसके साथ ही पिछले कई सालों से छठ के अवसर पर गाने भी लिख रही है और छठ पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेकर गुनगुनाती हैं।