Delhi: मरीजों को बड़ी राहत, अमृत फार्मेसी से एम्स में मिलेंगे सस्ते आर्थोपेडिक इंप्लांट
अभी एम्स में सर्जरी करवाने वाले मरीजों को महंगे दरों पर इंप्लांट खरीदने पड़ रहे हैं। इस बारे में एम्स के मीडिया प्रोटोकाल की चेयरपर्सन डॉ. रीमा दादा का कहना है कि अमृत फार्मेसी में इंप्लांट की सुविधा देने के लिए व्यवस्था की जा रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
एम्स में हड्डी की सर्जरी करवाने आ रहे मरीजों को इंप्लांट के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं रहेगी। अमृत फार्मेसी से सस्ती दरों पर आर्थोपेडिक इम्प्लांट उपलब्ध कराने के लिए एम्स ने जगह की तलाश की है। सस्ती दर की दवा दुकान के पास ही काउंटर का निर्माण किया जाएगा, जहां से करीब चार-पांच माह में मरीज इंप्लांट ले सकेंगे।
अभी एम्स में सर्जरी करवाने वाले मरीजों को महंगे दरों पर इंप्लांट खरीदने पड़ रहे हैं। इस बारे में एम्स के मीडिया प्रोटोकाल की चेयरपर्सन डॉ. रीमा दादा का कहना है कि अमृत फार्मेसी में इंप्लांट की सुविधा देने के लिए व्यवस्था की जा रही है।
काउंटर का निर्माण करने के लिए जगह की पहचान कर ली गई है। उम्मीद है कि जल्द ही काउंटर को बनाकर उसमें इंप्लांट की सुविधा उपलब्ध करवा दी जाएगी। काउंटर शुरू होने के बाद मरीज आसानी से इंप्लांट हासिल कर सकेंगे। बता दें कि अमृत फार्मेसी से इंप्लांट 60 फीसदी तक सस्ती दरों पर इंप्लांट की सुविधा मिल सकेगी।
एम्स ने किया समझौता
एम्स ने अमृत फार्मेसी स्टोर की संचालक एजेंसी एचएलएल लाइफ केयर (सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम) के साथ समझौता किया है। समझौते के तहत काउंटर से कृत्रिम कूल्हा, घुटना व अन्य महंगे इंम्प्लांट सस्ती दर पर उपलब्ध हो सकेंगे। यहां काउंटर शुरू करने के लिए एम्स प्रशासन ने 29 अक्टूबर को अमृत फार्मेसी के स्टोर से इंप्लांट उपलब्ध कराने का आदेश दिया।
कीमत तय करने पर चल रहा है काम
एम्स के मीडिया प्रोटोकाल की चेयरपर्सन डॉ. रीमा दादा ने कहा कि अमृत स्टोर से इंप्लांट उपलब्ध कराने के लिए समझौते की प्रक्रिया पूरी हो गई है। इसके अलावा कीमत तय करने काम भी चल रहा है। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद मरीजों को अमृत स्टोर से सस्ते दर पर आर्थोपेडिक इंप्लांट मिलने लगेंगे।
पांच महीने की देरी से चल रहा प्रोजेक्ट
एम्स निदेशक डॉ. एम श्रीनिवास के आदेश के तहत एक जनवरी से इस काउंटर को शुरू करना था, लेकिन अभी तक इसे शुरू नहीं किया जा सका है। अभी भी इस काउंटर के लिए कुछ और इंतजार करना पड़ेगा। आदेश में कहा गया था कि एम्स में सभी आर्थोपेडिक प्रत्यारोपण केवल रोगियों की आवश्यकता और संबंधित डॉक्टर की सिफारिश पर अमृत फार्मेसी के माध्यम से ही खरीदे जाएंगे।
अभी यहां मिलती है सुविधा
अभी पीजीआईएमईआर चंडीगढ़, सफदरजंग अस्पताल, एम्स ऋषिकेश व अन्य अस्पताल में रोगियों की आवश्यकता के अनुसार व संबंधित डॉक्टर की सिफारिश पर अमृत फार्मेसी से हड्डी प्रत्यारोपण के लिए इस्तेमाल होने वाले इंप्लांट खरीद रहे हैं।