{"_id":"6513f2795cdef215f2091765","slug":"cctv-footage-surfaced-in-case-of-theft-in-jewelery-showroom-in-jangpura-2023-09-27","type":"story","status":"publish","title_hn":"दिल्ली में सबसे बड़ी चोरी: एक आरोपी सीसीटीवी में हुआ कैद, पुलिस को वारदात में किसी जानकार के शामिल होने का शक","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दिल्ली में सबसे बड़ी चोरी: एक आरोपी सीसीटीवी में हुआ कैद, पुलिस को वारदात में किसी जानकार के शामिल होने का शक
Wed, 27 Sep 2023 02:45 PM IST
विजय पुंडीर
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
Published by: विजय पुंडीर
Updated Wed, 27 Sep 2023 02:45 PM IST
सार
इस मामले से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। बताया जा रहा है कि यह उस रात का है जब चोरी हुई और इसमें एक आरोपी शोरूम में जाता हुआ दिखाई दे रहा है।
विज्ञापन
सीसीटीवी में कैद हुआ आरोपी
- फोटो : वीडियो ग्रैब
विस्तार
दिल्ली के जंगपुरा में ज्वैलरी के शोरूम में 20-25 करोड़ रुपये के गहनों की चोरी ने हर किसी को हैरान कर दिया। चोरी में पुलिस किसी जानकार की भूमिका की संभावना व्यक्त कर रही है। इस मामले से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। बताया जा रहा है कि यह उस रात का है जब चोरी हुई और इसमें एक आरोपी शोरूम में जाता हुआ दिखाई दे रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
विज्ञापन
पुलिस का कहना है कि चोरों को कैसे पता लगा कि कहां से दीवार तोड़ने पर स्ट्रॉग रूम मिलेगा। साथ ही, कहां-कहां सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। चोर सोने के जेवर व हीरे ले गए, लेकिन चांदी के बर्तनों-जेवर को हाथ नहीं लगाया। वेब सीरीज मनी हाइस्ट की तर्ज पर वारदात को अंजाम दिया गया।
विज्ञापन
दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, चोर चौथी मंजिल से नीचे आए थे। वह पड़ोसी की छत से दुकान वाली इमारत की छत पर पहुंचे। इसके बाद ताला तोड़कर दूसरी मंजिल तक पहुंचे। यहां खिड़की खुली हुई थी। इसके बाद स्ट्रांग रूम की सीमेंट-कंक्रीट से बनी करीब डेढ़ फीट मोटी दीवार को काटकर चोर स्ट्रांग रूम तक पहुंचे। सवाल ये खड़ा होता है कि आखिरी चोरों को कैसे पता चला कि दीवार को कहां से तोड़ने पर स्ट्रांग रूम तक पहुंचा जा सकता है। चोर सोने के जेवर-हीरे ले गए। वहीं, आरोपियों ने शोरूम में लगे सीसीटीवी के तार हटा दिए थे।
विज्ञापन
किसी जानकार का हाथ होने की आशंका
सवाल यह भी है कि आखिर बदमाशों को कैसे पता लगा कि सीसीटीवी कहां लगे हुए थे। बदमाशों ने बिजली भी काट दी थी। बदमाशों ने शोरूम में वेब सीरीज मनी हाइस्ट की तर्ज पर वारदात को अंजाम दिया है। उन्हें शोरूम के चप्पे-चप्पे की जानकारी थी। उन्हें पता था कि इमारत में कैसे प्रवेश करना है और स्ट्रांग रूम तक कैसे पहुंचना है। सीसीटीवी से कैसे बचना है। कहां से कंक्रीट की दीवार को तोड़ना है। बदमाशों के रेकी करने की भी संभावना है।