डिवाइडर से टकराकर पलटा कैंटर, चालक सहित एक छात्रा की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर-पश्चिम जिले के मुकुंदपुर इलाके में बुधवार दोपहर को एक कैंटर ने दो छात्राओं समेत तीन लोगों को कुचल दिया। हादसे के बाद कैंटर चालक ने मौके से फरार होने का प्रयास किया, लेकिन जल्दबाजी के चक्कर में कैंटर डिवाइडर से टकराकर सड़क के दूसरी ओर जाकर पलट गया।
हादसे में एक छात्रा व कैंटर चालक की मौत हो गई, जबकि दूसरी छात्रा व राहगीर बुरी तरह जख्मी हो गए। मृतकों की शिनाख्त शिखा (18) व कैंटर चालक राजन सिंह (34) के रूप में हुई है। हादसे में घायल अन्य छात्रा कंचन (17) को सुश्रुत ट्रॉमा सेंटर व राहगीर उमेश कुमार (35) को बाबू जगजीवन राम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है। भलस्वा डेरी थाना पुलिस ने कैंटर कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, हादसा दोपहर 2 बजे मुकुंदपुर चौक के पास सर्विस रोड पर हुआ। गांव मुकुंदपुर निवासी शिखा व कंचन मुखर्जी नगर स्थित सर्वोदय कन्या विद्यालय में 12वीं कक्षा में पढ़ती थीं। बुधवार दोपहर 1.30 बजे स्कूल की छुट्टी हुई।
दोनों ई-रिक्शा से मुकुंदपुर चौक के पास पहुंचीं। वहां से दोनों सर्विस रोड पार कर अपने घर जाने लगीं। इस बीच भलस्वा की ओर से आए कैंटर ने शिखा को कुचल दिया। लोगों के शोर मचाने पर चालक ने कैंटर रोका और एकदम से बैक करने लगा।
इसी दौरान उसने पीछे खड़ी कंचन को जोरदार टक्कर मार दी। शोर मचाने पर चालक ने दोबारा आगे की ओर कैंटर को भगाना शुरू किया, तो सामने मौजूद युवक उमेश को टक्कर मार दी। आरोपी कैंटर चालक बुरी तरह डर गया और उसने सर्विस रोड से आजादपुर मेन रोड की ओर कैंटर भगा लिया।
कुछ बाइक सवारों ने उसका पीछा किया, तो जल्दबाजी के चक्कर में चालक ने आजादपुर लूप के पास डिवाइडर पर कैंटर चढ़ा दिया। इसके बाद डिवाइडर पर लगे पेड़ से टकराने के बाद कैंटर सड़क के दूसरी ओर पलट गया। हादसे में कैंटर चालक भी बुरी तरह जख्मी हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल शिखा, कंचन, राहगीर उमेश और कैंटर चालक राजन को जगजीवन राम अस्पताल पहुंचाया, जहां शिखा व मैनपुरी (यूपी) निवासी राजन को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।