दिल्ली विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी कितना कर सकेंगे खर्च, निर्वाचन आयोग ने तय की सीमा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर आगामी आठ फरवरी को होने वाले चुनाव के लिए हर प्रत्याशी 28 लाख रुपये से ज्यादा खर्च नहीं कर पाएगा। चुनाव आयोग ने प्रत्याशियों के खर्च पर निगरानी के लिए विशेष टीम गठित कर दी है।
मंगलवार को प्रेस कान्फ्रेंस में दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. रणबीर सिंह ने कहा कि 70 में से 12 सीटें आरक्षित हैं। इनमें सुल्तानपुर माजरा, बवाना, मंगोलपुरी, करोलबाग, पटेल नगर, मादीपुर, देवली, आंबेडकर नगर, त्रिलोकपुरी, कोंडली, गोकलपुरी, सीमापुरी विधानसभा सीट शामिल हैं। इस बार 80 वर्ष से अधिक आयु और दिव्यांग मतदाताओं के लिए पोस्टल बैलेट पेपर्स से मतदान करने की सुविधा दी है। दिल्ली में करीब 55 हजार से ज्यादा दिव्यांग मतदाता हैं।
इनके अलावा जिन मतदान केंद्रों के तहत मूक बधिर मतदाताओं की संख्या अधिक है वहां पहली बार इनकी मदद के लिए सांकेतिक भाषा में बात करने वाले वॉलिंटियर्स को तैनात किया जाएगा। इन मतदान केंद्रों की पहचान जल्द ही पूरी हो जाएगी। चुनाव में कुल 89,779 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। जिन कर्मचारियों की चुनाव में ड्यूटी लगाई जा चुकी है, उन्हें किसी भी तरह की छुट्टी नहीं मिलेगी।
11 जिलों में 20 मतगणना केंद्र बनाए
चुनाव आयोग ने दिल्ली के 11 जिलों में 20 मतगणना केंद्र बनाए हैं। उत्तरी जिला और उत्तर पश्चिमी जिले में चार-चार, दक्षिणी पश्चिम, दक्षिणी और उत्तर पूर्वी जिले में दो-दो, दक्षिणी पूर्वी, नई दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, पश्चिमी, मध्य और शाहदरा जिले में एक-एक मतगणना केंद्र बनाया है।
23 फीसदी से ज्यादा मतदान केंद्र अतिसंवेदनशील
दिल्ली में 13 हजार 750 मतदान केंद्र बनाएं जाएंगे। इनमें से 23 फीसदी से ज्यादा यानी 3209 मतदान केंद्रों को अति संवेदनशील की श्रेणी में रखा गया है। संवेदनशील और अति संवेदनशील दो वर्ग रखे गए हैं। दिल्ली पुलिस को इन केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती के निर्देश दिए जा चुके हैं।
दिल्ली के आठवें विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर नजर
कुल सीटें : 70
आरक्षित सीटें : 12
(बवाना, सुल्तानपुर माजरा, मंगोलपुरी, करोलबाग, पटेल नगर, मादीपुर, देवली, अंबेडकर नगर, त्रिलोकपुरी, कुंडली, सीमापुरी, गोकलपुरी)
कुल आबादी : 2,01,43,686
कुल मतदाता : 1,46,92,136
पुरुष मतदाता : 80,55,686 (54.83 फीसदी)
महिला मतदाता : 66,36,450 (45.17 फीसदी)
18 से 19 वर्ष के मतदाता : 2,08,883
कुल ईवीएम मशीनें : 34,222
कुल कंट्रोल यूनिट होंगे : 18,765
कुल वीवीपीएटी (वीवीपैट) : 20,385
पोलिंग स्टेशन : 13,750
अति संवेदनशील पोलिंग स्टेशन : 3209
मतगणना केंद्र : 20