आला हजरत एक्सप्रेस के महिला कोच में निकले सांप, हड़कंप
बरेली से भुज की ओर जा रही आला-हजरत एक्सप्रेस के महिला कोच में सोमवार सुबह सांप निकलने से यात्रियों में हड़कंप मच गया। यात्रियों ने जीआरपी और आरपीएफ के जवानों को सूचना दे दी।
हापुड़ स्टेशन पर ट्रेन को रोककर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। जीआरपी और आरपीएफ ने तीन सपेरों को हिरासत में ले लिया। हालांकि सपेरों ने पुलिस के डर से सांपों को पहले ही चलती ट्रेन से फेंक दिया था।
इस दौरान 20 मिनट तक रुकी रही, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सोमवार सुबह करीब 10:15 बजे जीआरपी और आरपीएफ को सूचना मिली कि आला हजरत एक्सप्रेस के महिला कोच में सांप निकल आया है।
कोच में जीआरपी को तीन सपेरे मिले
आरपीएफ व जीआरपी के जवानों को महिला कोच के चेकिंग करने के आदेश मिले। ट्रेन करीब 10:40 पर प्लेटफार्म नंबर-एक पर पहुंची तो जवानों ने महिला कोच को खाली कराना शुरू कर दिया।
कोच में जीआरपी को तीन सपेरे मिले। यात्रियों ने जवानों को बताया कि इन्हीं सपेरों ने यात्रियों को असली के सांप दिखाए थे। इससे यात्रियों में दहशत फैल गई थी। कुचेसर रोड चौपला स्टेशन के आसपास यात्रियों के विरोध पर सपेरों ने सांप चलती ट्रेन से बाहर फेंक दिए।
तीनों सपेरों के पास से आरपीएफ और जीआरपी के जवानों को सांपों की पोटली मिली, लेकिन जिंदा सांप नहीं बरामद हुए। सांप निकलने की सूचना के बाद 20 मिनट तक ट्रेन स्टेशन पर रुकी रही। जिस कारण यात्रियों को दिक्कत का सामना करना पड़ा।