रेस्टोरेंट सील होने से परेशान शख्स ने मेट्रो के आगे लगाई छलांग, ड्राइवर ने ऐसे बचाई जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली नगर निगम द्वारा रेस्टोरेंट को सील किए जाने से परेशान एक बुजुर्ग कारोबारी ने सोमवार तड़के विधानसभा मेट्रो स्टेशन पर छलांग लगाकर खुदकुशी का प्रयास किया। घटना के समय ट्रेन समयपुर बादली से कश्मीरी गेट की ओर जा रही थी।
यात्रियों के शोर मचाने पर ड्राइवर ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दी। बावजूद ट्रेन के चपेट में आकर बुजुर्ग का पैर जख्मी हो गया। मौके पर पहुंचे मेट्रोकर्मी व सीआईएसएफ के सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
बुजुर्ग के पास से एक सुसाइड नोट मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस के अनुसार बुजुर्ग कारोबारी की पहचान तिमारपुर निवासी सुरेंद्र कुमार(60) के रूप में हुई है।
सोमवार को सुबह करीब साढ़े छह बजे विधानसभा मेट्रो स्टेशन पर यात्रियों ने देखा कि एक बुजुर्ग ने समयपुर बादली की ओर से आ रही मेट्रो ट्रेन के प्लेटफार्म पर पहुंचते ही ट्रैक पर छलांग लगा दी है। यात्रियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया और ड्राइवर को ट्रेन रोकने का इशारा करने लगे।
जिसे देखकर ड्राइवर ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगा दिया। हालांकि तब तक ट्रेन बुजुर्ग के पास पहुंच गई और टक्कर लगने से उनका पैर जख्मी हो गया। जानकारी मिलते ही मेट्रो कर्मी और सीआईएसएफ के सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंच गए।
उन्होंने जख्मी बुजुर्ग को इलाज के लिए अरुणा आसफ अली अस्पताल में भर्ती करवाया। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई और बुजुर्ग की पहचान कर उनके परिवार वालों को घटना की जानकारी दी। बुजुर्ग के पास से एक सुसाइड नोट मिला।
जांच में पता चला कि बुजुर्ग का तिमारपुर मार्केट में प्रवेश नाम से एक रेस्टोरेंट था। कुछ दिन पहले एमसीडी ने उनके रेस्टोरेंट को सील कर दिया था। जिसकी वजह से वह काफी परेशान थे। तबियत खराब होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
पंद्रह दिन पहले उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली थी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभी तक की जांच में पता चला है कि रेस्टोरेंट सील हो जाने से परेशान होकर बुजुर्ग ने यह कदम उठाया है। घटना की वजह से येलो लाइन पर मेट्रो की सेवा दस मिनट तक बाधित रही। जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।