संपत्ति के झगड़े में भाई ने रेता बड़ी बहन का गला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नई दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में मंगलवार सुबह पारिवारिक कलह की वजह से एक युवक ने बड़ी बहन की गला रेतकर हत्या कर दी। युवती की शिनाख्त वंदना (25) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी भाई उमेश (19) को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है। उमेश ने हत्या करने की बात कबूल कर ली। बताया जा रहा है कि युवती का अपने परिवार वालों से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था।
जांच में पुलिस को पता चला कि वंदना प्राइवेट नौकरी करती थी और मकान के भूतल पर अकेले रहती थी व अपना खाना भी अलग बनाती थी। जबकि उसके पिता तिलक राज, मां उषा और दो भाई पहली मंजिल पर रहते हैं।
पहले दबाया गला फिर चाकू से रेता
वंदना का अपने परिवार वालों से करीब दो साल से विवाद चल रहा था। वह पिता के संपत्ति में हिस्सा चाहती थी। इस बात को लेकर अकसर उनके बीच झगड़ा होता था।
उमेश ने पूछताछ में बताया कि वंदना अकसर माता-पिता को अपशब्द कहती थी। मंगलवार की सुबह वंदना माता-पिता से झगड़ा कर रही थी। गुस्सा में आकर उमेश ने उसका गला दबा दिया और फिर चाकू से गला रेत दिया।
उमेश पत्राचार से स्नातक की पढ़ाई के साथ-साथ एक फैक्टरी में काम करता है। वहीं पुलिस सूत्रों का कहना है कि वंदना मंगलवार को अदालत में शादी करने वाली थी और इस बात को लेकर परिवार वाले नाराज थे। पुलिस उमेश के साथ-साथ उसके परिवार के अन्य सदस्यों से पूछताछ कर रही है।