सकारात्मक एजेंडे के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी भाजपा : जावडेकर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ ही भाजपा ने विपक्ष पर हमले तेज कर दिए हैं। प्रदेश नेतृत्व ही नहीं केंद्रीय मंत्री भी कांग्रेस व आम आदमी पार्टी की नीतियों को कठघरे में खड़े की मुहिम में जुट गए हैं। प्रदेश भाजपा कार्यालय में बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर ने कहा कि भाजपा सकारात्मक एजेंडे के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। विकास पार्टी का मुख्य मुद्दा होगा।
जावडेकर ने आप और कांग्रेस पर नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ हिंसा भड़काने का आरोप मढ़ा। उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही केजरीवाल सरकार जनता को गुमराह कर रही है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अनधिकृत कॉलोनी को नियमित करने के लिए भाजपा ने सदन में बिल पास कराकर कानून बना दिया है। इसे लेकर आम आदमी पार्टी झूठ फैला रही है। मुख्यमंत्री ने एमसीडी का फंड रोककर उसका गला घोंट दिया है।
सीएए के खिलाफ आप व कांग्रेस ने हिंसा भड़काया
जावडेकर ने नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ हिंसा भड़काने का आरोप कांग्रेस व आम आदमी पार्टी पर मढ़ा। उन्होंने कहा कि दोनों ही राजनीतिक दल के नेता हिंसा रोकने की जगह लोगों में भ्रम फैलाकर उकसाने का काम करते रहे । इसके लिए उन्हें जनता से माफी मांगनी चाहिए।
आप को झूठी और कांग्रेस को कन्फ्यूज पार्टी बताते हुए जावडेकर ने कहा कि दिल्ली में जामिया, सीलमपुर और जामा मस्जिद में अल्पसंख्यकों को गुमराह करके आप विधायक अमानतुल्लाह खान, इशराक खान और कांग्रेस के पूर्व विधायक आसिफ मोहम्मद खान व मतीन अहमद ने हिंसा भड़काने में मुख्य भूमिका निभाई। यह भ्रम फैलाया कि नागरिकता कानून लागू होने के बाद अजान पर रोक लग जाएगी। मस्जिदों से माइक उतार दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री को झूठों का सरदार बताया
जावडेकर ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को झूठों का सरदार बताया। उन्होंने कहा कि करीब साढ़े चार साल तक केजरीवाल सोए रहे और दिल्ली में यह प्रचारित करते रहे कि मोदी सरकार काम नहीं करने दे रही है। चुनाव नजदीक आते ही केजरीवाल काम करने का नाटक करके लोगों में झूठ प्रचारित कर रहे हैं। सच्चाई यह है कि केजरीवाल काम करना ही नहीं चाहते थे। श्रेय लेने की होड़ में हमेशा रहते हैं।
काम करे कोई, टोपी पहने कोई
जावडेकर ने कहा कि आप की नीति यह है कि काम करे कोई, टोपी पहने कोई। एमसीडी का 9000 करोड़ से अधिक का फंड रोककर आप सरकार ने दिल्ली के विकास का गला घोटने का काम कर रही है। केंद्र की मोदी सरकार के प्रयास से प्रदूषण में कमी आई है। हरियाणा, पंजाब में पराली जलाने से रोकने के लिए 1,100 करोड़ रुपये देने का काम केंद्र सरकार ने किया। जबकि केजरीवाल सरकार ने मेट्रो फेज- 4 की फाइल को दबा के रख दिया जिससे मेट्रो का विस्तार नहीं हो सका।
अड़ंगा डालने का काम किया
जावेड़कर ने कहा कि दिल्ली चुनाव में भाजपा विजय के विश्वास के साथ मैदान में उतरेगी। क्योंकि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जहां झूग्गी, वहीं मकान के तहत पूरे देश में 1 करोड़ से ज्यादा गरीबों को मकान दिए जा चुके हैं जबकि दिल्ली में इस योजना को केजरीवाल सरकार ने रोक दिया है। भाजपा झुग्गीवासियों को मकान देना चाहती है और केजरीवाल झूठा सर्टिफिकेट दे रहे हैं।