{"_id":"70a2246e9a98d6bb309a294da84feba7","slug":"bjp-urges-lg-to-act-on-water-woes","type":"story","status":"publish","title_hn":"एलजी से बोली बीजेपी, केजरीवाल को बुलाओ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
एलजी से बोली बीजेपी, केजरीवाल को बुलाओ
ब्यूरो/अमर उजाला, नई दिल्ली
Updated Sun, 20 Apr 2014 12:26 PM IST
विज्ञापन
प्रदेश भाजपा ने दिल्ली में पानी की समस्या के समाधान के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग उपराज्यपाल नजीब जंग से की है। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भी बुलाने को कहा गया है।
विज्ञापन
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्षवर्धन ने बताया कि जल विशेषज्ञ यह अनुमान लगा रहे हैं कि इस बार की गर्मी में दिल्ली के लोगों को पानी की समस्या से हर रोज जूझना पड़ेगा। इसलिए जरूरी है कि अभी से पानी की समस्या दूर करने का इंतजाम उपराज्यपाल सभी दलों की बैठक बुलाकर करें।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल तो सरकार छोड़ कर भाग गए, लेकिन दिल्ली की जनता को बढ़ा हुआ पानी का बिल मिलना शुरू हो गया है। बैठक में उन्हें भी बुलाया जाए, ताकि जनता के प्रतिनिधि उनसे यह पूछ सकें कि उन्होंने किस आधार पर दिल्ली वालों को हर रोज सात सौ लीटर पानी मुफ्त देने का वायदा किया था।
विज्ञापन
पानी की किल्लत के कारण स्लम और अनधिकृत कॉलोनियों आदि में कानून व्यवस्था की समस्या पैदा हो रही है। आए दिन लोग पानी को लेकर झगड़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस समय कहने को दिल्ली जल बोर्ड राजधानी को 847 एमजीडी पानी प्रतिदिन उपलब्ध कराने का दावा कर रहा है, पर सच्चाई यह है कि चंद्रावल से 90 एमजीडी, वजीराबाद प्लांट से 131, हैदरपुर से 216, नांगलोई से 40, बवाना-20, भागीरथी से 110 और सोनिया विहार 140 एमजीडी जल शोधन की क्षमता है।
इन सभी प्लांट से 500 से 600 एमजीडी पानी की आपूर्ति ही हो पाता है। रेनीवेल, ट्यूबवेल से कुल मिलाकर सिर्फ 100 एमजीडी पानी मिल पाता है।
पानी की आपूर्ति बाधित होगी
सोमवार को दिल्ली के कई इलाकों में पानी की आपूर्ति में समस्या होगी। दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि पुरानी पाइप लाइन बदलने का काम चल रहा है। लिहाजा जामा मस्जिद, चांदनी चौक, दरियागंज, एलएनजेपी अस्पताल, अजमेरी गेट, रामलीला ग्राउंड, निरंकारी कॉलोनी, गांधी विकार, मुखर्जी नगर के इलाकों में पानी की आपूर्ति बाधित होगी।