दिल्ली: पानी के कनेक्शन को लेकर भाजपा पार्षद के भाई की गोली मारकर हत्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दक्षिण दिल्ली के संगम विहार इलाके में चितरंजन पार्क वार्ड से भाजपा पार्षद सुभाष भड़ाना के भाई किशन भड़ाना की पानी के कनेक्शन को लेकर हुए विवाद में गोली मारकर हत्या कर दी गई।
इस मसले पर किशन का पड़ोसियों से झगड़ा हुआ था। पड़ोसियों ने पहले उन पर ईंट व पत्थर से हमला किया और बाद में आरोपी बबली ने गोली मार दी। गोली लगने से किशन का बेटा भी घायल हो गया।
संगम विहार थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी बबली, उसके पिता रामपत, भाई गगन, कन्नू और चचेरे भाई कविराज को गिरफ्तार कर लिया है। दक्षिण जिला पुलिस के अनुसार, प्रॉपर्टी कारोबारी किशन (45) मकान नंबर-895, बी-ब्लॉक संगम विहार में परिवार के साथ रहते थे।
दिल्ली जल बोर्ड की लाइन से कनेक्शन लेना चाहते थे
वह घर के सामने स्थित दिल्ली जल बोर्ड की लाइन से कनेक्शन लेना चाहते थे। उनके घर के सामने रहने वाला बबली कनेक्शन लेने का विरोध कर रहा था।
किशन बृहस्पतिवार शाम बबली को समझाने गया कि वह ठीक जगह से पाइप लाइन से कनेक्शन ले रहा है लेकिन बबली नहीं माना। उसने पहली मंजिल से किशन, उसके बेटे मनीष व किशन की पत्नी सुमन पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया।
बाद में बबली ने अपने साथियों को भी बुला लिया और गोलियां चलानी शुरू कर दीं। एक गोली किशन को छाती के नीचे और मनीष को हाथ में लगी। ईंट लगने से सुमन के पैर में भी चोट आई। सभी को ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। वहां शुक्रवार सुबह किशन की मौत हो गई। मनीष की हालत खतरे से बाहर है।