अब शांति वन में चार बतखों की मौत, बर्ड फ्लू से मरने की आशंका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली चिड़ियाघर, डियर पार्क के बाद अब पक्षियों की मौत का सिलसिला शांति वन में भी पहुंच गया है। सोमवार को वहां चार बतखों की मौत हो गई। सरकार ने मौत के पीछे एच5एन8 वायरस होने की आशंका जताई है।
फिलहाल बतखों का सैंपल जांच के लिए भोपाल भेज दिया गया है। डियर पार्क में सोमवार को फिर दो पक्षियों की मौत हो गई। सरकार के मुताबिक सोमवार को कुल छह पक्षी मरे है। अब तक दिल्ली में कुल 64 पक्षियों की मौत हो चुकी है।
इसमें से अभी 14 से 20 अक्तूबर के बीच मरी पक्षियों की रिपोर्ट आई है जिसमें मौत का कारण एच5एन8 वायरस को बताया गया है। इसमें चिड़ियाघर, सुंदर नगर और हौजखास डियर पार्क के पक्षी शामिल है।
दिल्ली सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री गोपाल राय ने बताया कि शांति वन में बने शक्ति स्थल के पीछे झील में चार बतखों की मौत हुई है। यह केंद्रीय लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत आता है। पशुपालन विभाग ने मौके का दौरा किया है।
बतखों को मल्टी विटामिन देने का निर्देश दिया गया
सीपीडब्ल्यूडी को भी वहां साफ सफाई करने और बतखों को मल्टी विटामिन देने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि डियर पार्क में पहले से स्थिति बेहतर हो रही है। पहले जहां 17 और 10 बतखों की मौत एक-एक दिन में हो रही थी अब सोमवार को सिर्फ दो बतखों की मौत हुई है।
गोपाल राय ने कहा कि सोमवार को हम ने उन सभी एजेंसियों के नोडल अधिकारियों के साथ बैठक की है, जिनके अंतर्गत वाटर बॉडीज आती है। बैठक में एमसीडी, पीडब्ल्यूडी, सीपीडब्ल्यूडी, डीडीए, चिड़ियाघर समेत अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सभी एजेंसियों को तीन निर्देश जारी किया गया है जो कि अनिवार्य रूप से लागू करना है।
इसमें कीटाणु रोधी अभियान चलाना व अपने वाटर बॉडी के चारों ओर चार फुट के क्षेत्र में चूने का छिड़काव। दूसरा पार्क जहां पक्षी रहते हैं वहां सोडियम हाइपोक्लोराइड रसायन का छिड़काव करना और तीसरा जहां पालतू पक्षी हैं उन्हें मल्टी विटामिन देना है।