आप भी ATM से चेक करते हैं बैंक खाते का स्टेटमेंट तो हो जाएं सावधान, निकल सकते हैं पैसे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली पुलिस के एक सिपाही को एटीएम से मिनी स्टेटमेंट चेक करना महंगा पड़ गया। कुछ ही देर में उनके खाते में सेंध लगाकर बदमाशों ने 80 हजार रुपये उड़ा लिए।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपियों ने कुछ रकम खाते से निकाल ली है, जबकि कुछ को दूसरे खाते में ट्रांसफर किया है। सिपाही की शिकायत पर स्वरूप नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, नत्थूपुरा मोड़ बुराड़ी इलाके में रहने वाला अब्दुल हफीज दिल्ली पुलिस में सिपाही हैं। उनकी तैनाती नारायणा थाने में है। पुलिस को दी शिकायत में बताया कि एक नवंबर की दोपहर उन्होंने नत्थूपुरा बस स्टॉप के पास एक्सिस बैंक के एटीएम में मिनी स्टेटमेंट चेक किया था।
करीब एक घंटे बाद उनके मोबाइल पर 20-20 हजार रुपये निकाले जाने के दो मैसेज आए। उन्होंने आनन-फानन में एसबीआई की शाखा में जाकर खाते को बंद करवाया और पुलिस से शिकायत की।
छानबीन में पता चला कि बदमाशों ने खाते से 40 हजार रुपये निकाले, जबकि 40 हजार रुपये को प्रताप नगर में रहने वाली एक महिला के खाते में ट्रांसफर किया है।
पुलिस को शक है कि आरोपियों ने एटीएम में स्किमिंग मशीन लगाकर घटना को अंजाम दिया है। पुलिस उस महिला से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।