ATM इस्तेमाल कर रहे हैं तो हो जाएं सावधान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बाहरी दिल्ली में एटीएम का इस्तेमाल करने वाले इन दिनों ठगी का शिकार हो रहे हैं। डेढ़ माह में अलीपुर इलाके में ठग एक दर्जन वारदात कर चुके हैं। ठग तीन तरीके से पीड़ितों के एकाउंट में सेंध लगा रहे हैं।
सभी मामलों में किसी न किसी तौर पर पीड़ितों के कार्ड के पिन नंबर की जानकारी लेकर उनके एकाउंट से हजारों व लाखों रुपये निकाले जा चुके हैं। पुलिस को आशंका है कि इन मामलों में बैंक के कर्मचारी भी शामिल हो सकते हैं।
शिकायतों के अनुसार ठग ऐसे लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं, जिन्हें एटीएम कार्ड इस्तेमाल करने की जानकारी नहीं के बराबर है। इसमें कई घरेलू महिलाएं भी शामिल हैं।
महिलाएं भी बन रही हैं निशाना
अलीपुर में रहने वाली बीना रानी ने अलीपुर थाने में शिकायत दी है, जिसमें उसने बताया कि उसके एकाउंट से 40 हजार रुपये निकाल लिए गए हैं। उसने बताया है कि जिस दिन रुपये निकाले गए हैं, उससे पहले बैंक से उसके पास फोन आया था।
फोन करने वाले ने बताया कि उसका एटीएम कार्ड ब्लॉक होने वाला है। बैंक उन्हें नया पिन नंबर मुहैया कर रहा है। इसके लिए पुराने कार्ड व उसके पिन नंबर की जानकारी देनी होगी। बीना ने फोन करने वाले को कार्ड और पिन नंबर बता दिया।
बीना की तरह ही अलीपुर के रहने वाले ललित माखन के अकाउंट से 34 हजार रुपये, लक्ष्मण प्रसाद के अकाउंट से 45 हजार रुपये निकाले गए हैं। वहीं कुछ पीड़ितों के कार्ड का क्लोनिंग कर उनके रुपये निकाले गए हैं।
इनकी भी कहानी ऐसी ही है
जिसमें अलीपुर निवासी घनश्याम सैनी के खातेट से 50 हजार, शंकुतला देवी के खाते से 50 हजार, सुधीर प्रताप सिंह के एकाउंट से एक लाख दस हजार, सुनील के अकाउंट से 25 हजार और कंझावला निवासी नरेश कुमार के छह हजार निकाले गए।
जांच में यह बात भी सामने आई है कि कुछ पीड़ितों के कार्ड को बदलकर उनके अकाउंट से रुपये भी निकाले गए हैं। जिसमें ठेकेदारी करने वाले अलीपुर निवासी सुरेंद्र पासवान के अकाउंट से 84 हजार, सोनीपत के हलालपुर गांव निवासी सोमवीर के अकाउंट से 43 हजार और अजब सिंह के अकाउंट से 75 रुपये निकाले गए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी मामलों की तकनीकी आधार पर जांच की जा रही है। अभी इसमें कोई बड़ी सफलता नहीं मिली है।