आशुतोष ने बताई उन 11 महीनों की कड़वी सच्चाई
दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे अरविंद केजरीवाल, उनके परिवार और मित्रों पर बीते 11 महीने बड़े भारी बीते। वे खुद ही बताते हैं कि बात-बात पर लोग ताने मारते थे-केजरीवाल भगोड़ा है।
मां-बाप और पत्नी-बच्चों को सुनना पड़ा था ‘वो देखो, भगोड़े सीएम के घरवाले जा रहे हैं....चले थे सीएम बनने या फिर लौटकर कौशांबी आए..।’
मगर दिल्ली विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत ने पूरा माहौल बदल डाला। अब लोग उनके घर से निकलने का इंतजार करते हैं। फोटो खिंचवाने को आगे-पीछे दौड़ते हैं। कभी दरवाजे बंद कर लेने वाले अब पलकें बिछाए दिखाई पड़ रहे हैं।
आशुतोष ने बताई कड़वी सच्चाई
अरविंद के सहयोगी आशुतोष ने हाल ही में मीडिया के सामने कड़वी यादें साझा कीं तो भावुक हो गए थे। गिरनार अपार्टमेंट के एक गार्ड ने उनके माता-पिता पर कमेंट किया था। सब्जीवाले ने मां के सामने केजरीवाल को बुरा-भला कहा था।
दिल्ली के कुछ मित्रों और सहयोगियों ने बात करना बंद कर दिया था। कुछ ने तो उन्हें देख दरवाजे तक बंद कर लिए। पड़ोसियों ने भी कुछ कड़वे अनुभव दिए। उन्हीं सबने मन में आग पैदा की और उसके नतीजे ने सबकी धारणा बदल डाली।
गिरनार अपार्टमेंट के बाहर चाय-सब्जी बेचने वाले, हेयर ड्रेसर और अपार्टमेंट के सुरक्षा गार्ड से बातों में बदली स्थिति साफ नजर आती है। ये सभी शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लेने भी जाएंगे।
अब भीड़ संभालना मुश्किल
अपार्टमेंट गेट पर भीड़ संभालना मुश्किल हो जाता है, जबकि साहब के सरकार छोड़ने के बाद से सन्नाटा रहता था। लोग फैसले पर खुश नहीं थे। ये कहना हैं मणिकांत सिंह का, जो बीते 20 वर्ष से अपार्टमेंट में सुरक्षा गार्ड हैं।
केजरीवाल साहब आरडब्ल्यूए के सचिव थे। एक बार उन्होेंने झपकी लेते देख लिया था। बाद में इस बारे में उनसे पूछते हुए खूब हंसे थे। वह जनता को किए वादे पूरे करें, यही कामना है।
केजरीवाल का फोटो खींचने के लिए लोग घंटों दुकान पर बैठे रहते हैं। बाहर निकलने पर तुरंत भागते हैं। पहले ये लोग दिल्ली की सरकार छोड़ने के फैसले को गलत बताते बताते थे।
ये कहना था गिरनार अपार्टमेंट के बाहर फुटपाथ पर चाय बेचने वाले अशोक पांडे का। उन्होंने बताया कि एक बार नगर निगम ने खोखा हटाने की चेतावनी दी थी, तब केजरीवाल ने मदद की थी।
फिर तारीफ करने लगे हैं लोग
सरकार छोड़ने के फैसले पर कुछ लोग तरह-तरह की बातें करते थे लेकिन अब तारीफ करते हैं। ये कहना था अरविंद केजरीवाल के हेयर ड्रेसर अहमद सिद्दीकी का।
उन्होंने बताया कि 14 फरवरी को सुबह छह बजे केजरीवाल की शेविंग करेंगे, जिसके बाद वे शपथ ग्रहण के लिए जाएंगे। शेविंग-कटिंग के पैसे लेने से लाख मना करने के बावजूद केजरीवाल हमेशा उन्हें पैसे देकर जाते हैं।
सब्जी खरीदने आने वाले कुछ लोग अक्सर मुझसे पूछते थे कि तुम बताओ, क्या सरकार छोड़कर ठीक किया था। मैं चुप ही रहता था और सब्जी देकर उन्हें विदा कर देता था। अब ऐसा नहीं होता।
ये कहना था गिरनार अपार्टमेंट के बाहर सब्जी बेचने वाले राजू और भतीजे राजेश का। वह बताते है कि सब्जी लेने पर केजरीवाल अक्सर पूछते थे, महंगाई क्यों बढ़ रही है।