इस कारगर हथियार से आप करेगी लोकसभा फतह!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली विधानसभा चुनाव में रोड शो को कारगर हथियार के तौर पर इस्तेमाल कर चुकी आम आदमी पार्टी लोकसभा चुनाव में भी इसे प्रचार का अहम जरिया बनाएगी।
इसकी शुरुआत शनिवार को होगी। पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल दिल्ली से कानपुर के बीच रोड शो करेंगे।
करीब 450 किलोमीटर के सफर में केजरीवाल का काफिला लोगों से मिलते-मिलाते और नुक्कड़ सभाएं करते मंजिल तक पहुंचेगा।
रोड शो होगा बेहतर विकल्प!
दरअसल, दो मार्च को अरविंद केजरीवाल की कानपुर में रैली होनी है। इसके लिए शुरुआत में योजना बनाई गई थी कि केजरीवाल समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता सुबह दिल्ली से चलकर कानपुर पहुंचेंगे।
हालांकि, पार्टी रणनीतिकारों का मानना था कि इससे पूरा अभियान रैली में सिमट जाएगा। बाद में काफी विचार-विमर्श के बाद रोड शो को बेहतर विकल्प माना गया।
नेताओं का मानना है कि इससे दिल्ली से कानपुर के बीच पूरे रास्ते पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने में मदद मिलेगी।
ये है केजरीवाल और सिसोदिसा का प्लान
योजना के मुताबिक, केजरीवाल और मनीष सिसोदिया लाव-लश्कर के साथ शनिवार सुबह नई दिल्ली से कानपुर के लिए रवाना होंगे।
काफिला फरीदाबाद, अलीगढ़, एटा, मैनपुरी होते हुए शनिवार शाम कानपुर पहुंचेगा। रास्ते भर में जगह-जगह न सिर्फ नुक्कड़ सभाएं होंगी, बल्कि लोगों से मुलाकात करके बातचीत भी की जाएगी। फिर अगले दिन केजरीवाल रैली को संबोधित करेंगे।
पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि उनकी कोशिश ज्यादा से ज्यादा लोगों से संपर्क करने की है। इसके लिए योजना तैयार की जा रही है कि हर संभव विकल्प का सहारा लिया जाएगा। जनसंपर्क अभियान को सघन बनाने के लिए रोड शो पार्टी की प्राथमिकता में शामिल रहेगा।
मोदी के गढ़ में गरजेंगे केजरीवाल
केजरीवाल कानपुर रैली के बाद नरेंद्र मोदी को उनके गढ़ गुजरात में चुनौती देंगे। आठ मार्च को केजरीवाल की अहमदाबाद में चुनावी रैली है।
रैली स्थल पर पहुंचने से पहले केजरीवाल पूरे शहर में रोड शो से आम लोगों का अपने पक्ष में लामबंद करने की कोशिश करेंगे।
शनिवार शाम आठ मार्च को वे दिल्ली वापसी करेंगे। अगले दिन उनका काफिला वाया रोड मथुरा के लिए रवाना होगा। रविवार को केजरीवाल मथुरा की प्रस्तावित रैली को संबोधित करेंगे।