भारत दर्शन पार्क का उद्घाटन: केजरीवाल पर शाह ने साधा निशाना, कहा- विज्ञापनों पर कम पैसा खर्च करें और 13,000 करोड़ रुपये का बकाया दें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली सरकार को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दिल्ली सरकार को सुझाव दिया है कि वह विज्ञापन पर कम खर्च करे और दिल्ली नगर निगमों का बकाया फंड जारी करे ताकि निगम अच्छे से अपने विकास कार्यों को पूरा कर सकें। गृह मंत्री ने इससे भी आगे बोलते हुए कहा है कि देश में दो प्रकार की कार्य संस्कृति है, एक जो कहते हैं वही करते हैं जैसा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जो कहा वह करके दिखाया, दूसरे ऐसे लोग हैं जो करते कुछ नहीं बस विज्ञापन और इंटरव्यू ही देते रहते हैं। अमित शाह के इस बयान के बाद दिल्ली सरकार की तरफ से भी तीखी प्रतिक्रिया आई है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को पंजाबी बाग में दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के महत्वाकांक्षी परियोजना भारत दर्शन पार्क का उद्घाटन करने पहुंचे थे। यहां उन्होंने केजरीवाल सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि अगर अरविंद केजरीवाल अपने विज्ञापन पर खर्च किए गए पैसों को कम करके निगम के सभी बकाया फंड दे देते तो शायद और बेहतर काम होता। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने जो साल 2014 और 2019 के चुनाव में वादा किया था, उसे पूरा किया है। दिल्ली के 1731 अनाधिकृत कॉलोनियों को अधिकृत करना बहुत बड़ी बात है।
भारत दर्शन पार्क के उद्घाटन के मौके पर दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता, नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी, भाजपा सांसद प्रवेश साहिब सिंह, दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के महापौर मुकेश सूर्यान, मीडिया प्रमुख नवीन कुमार जिंदल सहित अन्य भाजपा नेता, पदाधिकारी व निगम के अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।
10 लाख बच्चे करेंगे मुफ्त में भारत दर्शन
अमित शाह ने कहा कि यह अनोखा पार्क अपनी व्यापकता, भव्यता, सुंदरता और पुरातन महत्व के कारण दिल्ली की नई पहचान बनने जा रहा है। उन्होने कहा कि यह अत्यंत हर्ष का विषय है कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी और स्वतंत्रता सेनानी व शिक्षाविद् महामना पं. मदन मोहन मालवीय की जयंती पर इस शानदार पार्क का शुभारंभ किया गया। इस पार्क के माध्यम से स्वच्छ भारत, कौशल विकास व भारतीय पर्यटन को बढ़ावा देने का संदेश दिया जा रहा है। दक्षिणी निगम ने ऐसे अनोखा पार्क को स्थापित कर, भारत के अन्य नगर निकायों के लिए एक उदाहरण पेश किया है। उन्होंने कहा कि यह भी उल्लेखनीय है कि दक्षिणी निगम ने इस पार्क के द्वारा नगर निगमों के 10 लाख बच्चों को मुफ्त में भारत दर्शन कराएगा।
दक्षिणी निगम पर्यावरण के क्षेत्र में बेहतर
अमित शाह ने कहा कि दक्षिणी निगम ने पर्यावरण के क्षेत्र में सराहनीय कार्य किया है, निगम ने ग्राम सभा की भूमि पर बड़ी संख्या में पार्क बनाए हैं। इसके अतिरिक्त हरित क्षेत्र का विस्तार, पार्कों में 1100 ओपन जिम, 27 एसटीपी लगाए हैं और पांच तालाबों को भी पुनर्जीवित किया है। साथ ही फ्लाईओवरों के नीचे के स्थानों को सुन्दर और वेस्ट से आर्ट की कृतियां लगाकर दिल्ली शहर को और अधिक सुन्दर व हरा भरा बनाया है। समारोह में इस भव्य पार्क को बनाने वाले कलाकारों व उद्यान विभाग के अधिकारियों को पुरस्कृत किया गया ।
स्वच्छता और सुंदरता का प्रतीक है पार्क : एलजी
उपराज्यपाल अनिल बैजल ने कहा कि वेस्ट टू वडर पार्क की तरह भारत दर्शन पार्क भी रिसाइकिलिंग, रिडूज और रियूज की पद्धति से स्वच्छता से सुंदरता की ओर प्रेरित है। भारत दर्शन पार्क भारत की विभिन्न संस्कृति, कलाकृति और ऐतिहासिक इमारतो का मिश्रित अनेकता में एकता को दर्शाता है। आयुक्त ज्ञानेश भारती ने बताया कि यह पार्क 8 .5 एकड़ के प्लॉट पर बनाया गया है और कोरोना महामारी प्रभाव होते हुए भी पार्क को लगभग 22 महीने मे विकसित किया गया और निर्माण कार्य में हुआ लगभग 350 टन स्क्रैप का इस्तेमाल हुआ। कलाकृतियों को 8 कलाकार, 22 सहायक कलाकारों व करीब 150 कारीगरों ने मिलकर तैयार किया है। पर्यावरण के अनुकूल पार्क में सोलर पैनल और एसटीपी भी लगाया गया है।
22 ऐतिहासिक कलाकृतियां एक ही जगह पर
महापौर मुकेश सुर्यान ने बताया कि इस मनमोहक पार्क में 22 ऐतिहासिक व सांस्कृतिक स्मारकों और कलाकृतियों जैसे कि ताजमहल, कुतुबमीनार, चारमीनार, गेटवे ऑफ इंडिया, अजंता ऐलोरा की गुफा, कोणार्क मंदिर, खजुराहो का मंदिर, सांची स्तूप, नालंदा विश्वविद्यालय, मैसूर पैलेस, हम्पी, गोल गुम्बज, मीनाक्षी मंदिर, हवा महल, जूनागढ़ फोर्ट, विक्टोरिया मैमोरियल, तवांग गेट, रामेश्वरम्, द्वारकाधीश, जग्गनाथ पुरी, बद्रीनाथ और वट वृक्ष निर्मित की गयी है। ये अद्भुत अनुकृतियां लोगों को एक स्थान पर ही भारत भ्रमण कराएंगी।
आम आदमी पार्टी ने दिया जवाब...
केंद्रीय मंत्री अमित शाह के बयान पर आम आदमी पार्टी ने टिप्पणी करते हुए कहा है कि दिल्ली नगर निगम दुनिया का सबसे भ्रष्ट निगम है। भाजपा शासित निगम का पूरा पैसा नेताओं की जेब में जाता है। अमित शाह भ्रष्टाचार का साथ देने के बजाय निगम ईमानदारी से चलाएं तो पैसे की कमी नहीं होगी।
इतना ही नहीं आप पार्टी ने विज्ञापनों को लेकर केंद्रीय मंत्री के बयान पर कहा कि अमित शाह को एक बार दिल्ली का दौरा करना चाहिए। चारों ओर मोदी-योगी के विज्ञापन ही दिखाई देते हैं। दिल्ली में अभी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 850 होर्डिंग हैं और दिल्ली सरकार के मात्र 108 होर्डिंग हैं। योगी यूपी के सीएम हैं फिर दिल्ली में इतने विज्ञापन क्यों देते हैं?
दिल्ली सरकार साल में विज्ञापनों पर केवल 70 करोड़ रुपये खर्च करती है जबकि योगी सरकार साल में दो हजार करोड़ रुपये खर्च करती है। पार्टी ने केंद्रीय मंत्री के बयान को लेकर कहा- उल्टा चोर कोतवाल को डांटे। अमित शाह, दिल्ली में पीएम मोदी के होर्डिंग देख लीजिए, आपको पता चल जाएगा कि पीएम छोटे से छोटा काम भी कितना शोर करके करते हैं।