CBSC: ऑल इंडिया पेरेंट्स एसोसिएशन की मांग- दिल्ली सरकार 10वीं-12वीं के बच्चों के परीक्षा शुल्क का भुगतान करे
एसोसिएशन के अध्यक्ष ने कहा कि उपराज्पाल से अनुरोध है कि 10वीं और 12वीं कक्षा की सीबीएसई बोर्ड परीक्षा शुल्क का भुगतान दिल्ली सरकार द्वारा किया जाना सुनिश्चित किया जाए।
विस्तार
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की दसवीं-बारहवीं कक्षा में पढने वाले छात्रों के बोर्ड परीक्षा फॉर्म भरन की प्रक्रिया जारी है। परीक्षा शुल्क के रूप में छात्रों को 1500 रुपये से लेकर 2500 रुपये तक का भुगतान करना है। ऐसे में ऑल इंडिया पेरेंट्स एसोसिएशन ने दिल्ली के सरकारी स्कूल के बच्चों के परीक्षा शुल्क के भुगतान के लिए उपराज्यपाल से गुहार लगाई है। ऑल इंडिया पेरेंट्स एसोसिएशन की ओर से उपराज्यपाल को इस संबंध में पत्र लिखा गया है।
इससे पहले जून के तीसरे सप्ताह में एसोसिएशन की ओर से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पत्र लिखकर राहत की मांग की थी। उपराज्यपाल को भेजे पत्र में एसोसिएशन ने कहा है कि बीते दो सालों से सरकारी स्कूलों में पढने वाले अभिभावकों के बच्चे कठिनाई का सामना कर रहे हैं। कोरोना महामारी के कारण प्राइवेट स्कूलों की फीस भर ना पाने के कारण कई परिवारों ने अपने बच्चों का दाखिला सरकारी स्कूलों में करवा दिया है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने कहा कि कोरोना काल के पहले दिल्ली सरकार ने सभी बच्चों की फीस का भुगतान किया था। बीते दो साल में इस संबंध में किए गए हमारे अनुरोध को सरकार ने आर्थिक स्तिथि का हवाला देते हुए स्वीकार नहीं किया था। अब दिल्ली की आर्थिक स्थिति बेहतर हुई है। दिल्ली सरकार को पहले पत्र लिखा गया था लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।