AAI Agreement with UP Govt: पांच एयरपोर्ट के संचालन-प्रबंधन के लिए एएआई और यूपी सरकार के बीच हुआ करार
एएआई ने बयान जारी कर बताया कि करार के अनुसार, राज्य सरकार निर्माण पूरा करेगी, हवाई अड्डों को वाणिज्यिक संचालन के लिए तैयार करेगी और फिर उन्हें संचालन और प्रबंधन के लिए एएआई को सौंप देगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रदेश में अब तक विकास की दृष्टि से पिछड़े जिले आजमगढ़, चित्रकूट, सोनभद्र, श्रावस्ती और अलीगढ़ में बनाए जा रहे एयरपोर्ट का संचालन और प्रबंधन भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) करेगा। एयरपोर्ट का विकास प्रदेश सरकार की ओर से किया जाएगा।
लोकभवन में शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में इसके संचालन के लिए एएआई के अध्यक्ष एके पाठक और प्रदेश के नागरिक उड्डयन विभाग के अपर मुख्य सचिव एसपी गोयल के बीच एमओयू साइन किया गया। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि इन सभी एयरपोर्ट को एयर बस ए-320 के मानकों के अनुसार विकसित किया जाएगा। उन्होंने प्राधिकरण को जल्द सर्वे कराकर भूमि क्रय की कार्यवाही करने के निर्देश दिए। वहीं, अपर मुख्य सचिव गोयल ने कहा कि अब इन हवाईअड्डों के लाइसेंस प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू होगी। जल्द ही यहां से वायुसेवा शुरू की जाएगी।
विकास की दौड़ में पिछड़े क्षेत्रों में स्थापित हो रहे एयरपोर्ट : योगी
आजमगढ़, चित्रकूट, सोनभद्र, श्रावस्ती और अलीगढ़ में एयरपोर्ट संचालन के लिए प्रदेश के नागरिक उड्डयन विभाग व भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के बीच हुए एमओयू के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एयरपोर्ट ऐसे क्षेत्रों में स्थापित हो रहे हैं, जो विकास की दौड़ में कतिपय कारणों से पीछे छूट गए थे।
लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि पांच वर्ष पहले आजमगढ़ के नाम से लोग डरते थे। कोई वहां एयरपोर्ट और एक्सप्रेसवे बनाने की बात सोच नहीं सकता था। बीते पांच वर्ष में उनकी सरकार ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को आजमगढ़ के बीच से निकाला है। अब एयरपोर्ट भी बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि श्रावस्ती, सोनभद्र और चित्रकूट तो आकांक्षात्मक जिले हैं। एयर कनेक्टिविटी होने से इन क्षेत्रों के विकास को नये पंख लगेंगे।
उन्होंने कहा कि हार्डवेयर के केंद्र अलीगढ़ में डिफेंस कॉरिडोर का एक नोड भी स्थापित हो रहा है। जल्द ही अलीगढ़ में भी बेहतर एयर कनेक्टिविटी सुविधा होगी। चित्रकूट में पहाड़ी पर बहुत सुंदर एयरपोर्ट बन रहा है। सोनभद्र कभी नक्सल गतिविधियों के लिए कुख्यात रहा है। अब माइनिंग के लिहाज से बहुत समृद्ध है। यहां वायु सेवा आवश्यक थी, जिसे प्रदेश सरकार पूरा कर रही है।