बुलंदशहर गैंगरेप पीड़िता के पिता ने बताया उन्हें क्या चाहिए
बुलंदशहर गैंगरेप पीड़ित परिवार को सरकार की तरफ से दस लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा पर पीड़ित किशोरी के पिता ने कहा कि मुख्यमंत्री को पहले दरिंदों की गिरफ्तारी पर ध्यान देना चाहिए। किसी भी मदद से ज्यादा दरिंदों को सजा महत्वपूर्ण है।
पिता ने शनिवार रात ‘अमर उजाला’ से कहा कि फिलहाल उन्हें यह मुआवजा देने की कोई सूचना नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि मुझे ऐसा लगता है कि सरकार मुआवजे की तरफ ज्यादा ध्यान दे रही है जबकि सरकार की प्राथमिकता में दरिंदों की गिरफ्तारी होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि मुझे परिस्थितिवश सरकार की तरफ से मुआवजा मिलने की दरकार है लेकिन इससे ज्यादा जरूरी दरिंदों की गिरफ्तारी है। जब तक दरिंदे आजाद घूमते रहेंगे, मेरे परिवार को चैन नहीं मिल सकता।
काउंसलर की टीम कर रही मां-बेटी की काउंसलिंग
उन्होंने कहा कि मैं इस घटना के बाद से ही कह रहा हूं कि किसी भी तरह की मदद से ज्यादा दरिंदों को सजा अहम है। फिलहाल दो फ्लैटों के आवंटन पत्र और मुआवजे की घोषित राशि अभी तक पीड़ित परिवार को नहीं मिली है।
शनिवार को पीड़ित परिवार के घर के बाहर दिन भर लगी रहने वाली भीड़ नहीं थी। गली में सन्नाटा पसरा रहा और सिर्फ पुलिस की एक पीसीआर तैनात है।
कुछ सपा नेताओं द्वारा धमकाए जाने बाद से इंदिरापुरम पुलिस की पीसीआर को पीड़ित परिवार के घर के बाहर तैनात कर दिया गया है। शनिवार को महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से तैनात काउंसलर की टीम मां-बेटी के पास पहुंचे और काउंसलिंग की।