ISIS की धमकी के बाद पुलिस सतर्क, इनपुट ने बढ़ाई हलचल
आतंकी हमले की संभावना के लिहाज से गुड़गांव पुलिस चौकन्नी हो गई है। आईएसआईएस की भारत को धमकी के बाद गृह मंत्रालय से मिले इनपुट को लेकर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
गुड़गांव संवेदनशील शहर माना जाता है। यहां कई ऐसे संस्थान हैं, जिन पर आतंकियों की नजर हमेशा बनी रहती है। गुड़गांव स्थित राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) की वेबसाइट को आईएसआईएस ने कुछ माह पहले हैक कर लिया था।
इस मामले में पुलिस की जांच अभी किसी अंजाम तक नहीं पहुंची है। गुड़गांव में देश की समुद्री सुरक्षा से जुड़ा इंफार्मेशन मैनेजमेंट एंड एनालसिस सेंटर (आईमैक) है।
जिसे इसी वर्ष 23 जनवरी को रक्षा मंत्री मनोहर पार्रिकर ने शुरू किया था। इसके अलावा यहां एनएसजी, आयुध डिपो, शीतला माता मंदिर, मेट्रो, मॉल्स व मल्टीप्लेक्स सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थान हैं।
सिविल ड्रेस में तैनात पुलिस के जवान
गृह मंत्रालय से निर्देश मिलने के बाद पुलिस ने शहर के प्रमुख होटल व मॉल्स में सादे कपड़ों में जवान तैनात कर दिए हैं। पुलिस आयुक्त के निर्देश के बाद स्थानीय थाना प्रभारियों ने क्षेत्र के प्रमुख प्वाइंट पर पुलिस बल तैनात किया है। बहुत से स्थानों पर निजी सुरक्षा ऐंजेसियां हैं, जो स्थानीय पुलिस के संपर्क में हैं।
क्या है आईमैक-
इंफार्मेशन मैनेजमेंट एंड एनालसिस सेंटर (सेंटर) समुद्री क्षेत्र और उससे लगते भू-क्षेत्र के सर्विलांस का एक नर्व सेंटर है। देश के तकरीबन सभी राज्यों में स्थापित नेशनल कमांड कंट्रोल कम्युनिकेशन एंड इंटेलीजेंस नेटवर्क (एनसी3आई) से यह जुड़ा हुआ है।
सभी सेंटरों से आईमैक में डेटा 24 घंटे आता रहता है। यहां बैठे विशेषज्ञ अपने कंप्यूटर मॉनीटर पर डाटा का विश्लेषण करते हैं। संदिग्ध चीजों की सूचना आईबी, रॉ और एनएसए के साथ शेयर करते हैं।
गुड़गांव पुलिस आयुक्त नवदीप सिंह विर्क के मुताबिक गृह मंत्रालय की ओर से मिली एडवाइजरी के बाद प्रमुख स्थलों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। होटल, साइबर कैफे और अन्य प्रमुख स्थल पर पुलिस की नजर है।