केजरीवाल पर आरोप, गलत तरीके से बने मतदाता
नई दिल्ली में प्रशासनिक सुधारों पर काम करने संगठन मौलिक भारत ट्रस्ट ने आम आदमी पार्टी (आप) पर हमला बोला है। ट्रस्ट का आरोप है कि पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल नियमों का उल्लंघन करते हुए दिल्ली के मतदाता बने हैं।
दिल्ली का निवासी न होने के बावजूद केजरीवाल ने मतदाता सूची में नाम डलवाया है। इतना ही नहीं, पिछले करीब डेढ़ सालों में उन्होंने चुनाव कार्यालय में करीब पांच बार अपना पता बदलने के लिए आवेदन किया है।
ट्रस्ट का कहना है कि दिल्ली चुनाव कार्यालय में इसकी शिकायत की गई है। बावजूद इसके अगर दिल्ली चुनाव में केजरीवाल का नामांकन स्वीकार किया जाता है तो ट्रस्ट अदालत में इसकी अपील करेगा।
पार्टी ने आरोपों को खारिज किया
आम आदमी पार्टी ने सभी आरोपों को गलत बताया है। वरिष्ठ नेता संजय सिंह के मुताबिक, अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली इलाके मे रहते हैं। उनका पूरा समय दिल्ली में गुजरता है।
इतना जरूर है कि उनका एक आवास गाजियाबाद में भी है। लेकिन केजरीवाल वहां के मतदाता नहीं हैं। ट्रस्ट के कानूनी सलाहकार राहुल राज मलिक ने बताया कि जन प्रतिनिधि अधिनियम में लिखा गया है कि विधान सभा चुनाव लड़ने के लिए संबंधित व्यक्ति को उस राज्य का निवासी होना जरूरी है।
इसके लिए मतदाता को कम से कम रात में संबंधित पते पर रहना चाहिए। लेकिन तिलक मार्ग के आवास को छोड़कर केजरीवाल कहीं भी रात नहीं गुजारी है। वहीं, दिल्ली पुलिस ने पिछले महीने आरटीआई के जवाब में बताया है कि केजीरवाल दिल्ली के निवासी नहीं हैं।