बेकाबू बस ने छह को कुचला, एक की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नोएडा के छलेरा के सामने डीएससी रोड पर पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इंतजार कर रहे लोगों पर एक प्राइवेट बस चढ़ गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई। जबकि एक नाबालिग समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
थाना सेक्टर-39 पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर घायलों को कैलाश और सुरभि अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से नाबालिग को एम्स के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मूलरूप से कविनगर, गाजियाबाद निवासी शीतल (44) दिल्ली स्थित लाजपतनगर गढ़ी में अपने जीजा के यहां रहता था। वह टेंट का काम करता था।
मंगलवार को शीतल को अपने दोस्त गोवर्धन (38) के साथ सेक्टर-49 में टेंट लगाने जाना था। दोनों सेक्टर-37 स्थित दादरी रोड पर सेक्टर-49 जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे थे। वहीं, छलेरा का रहने वाला नाबालिग युवक बादल (17) और सूरजपाल (54) भी वहां खड़े थे।
हुआ एक और हादसा
इसके अलावा घटनास्थल पर रोडवेज बस का चालक दिनेश (30) और राकेश (32) भी अपने बस के लिए सवारियां भर रहे थे। इस दौरान दिल्ली की ओर से आई एक तेज रफ्तार बेकाबू बस ने छह लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद बिजली के खंभे को टक्कर मारकर बस नाले के पहले रुक गई। वारदात के बाद चालक फरार हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस सेक्टर-27 के अस्पताल लेकर गई।
जहां शीतल को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि अन्य दोनों को गंभीर हालत में भर्ती कर लिया गया है। नाबालिग की गंभीर हालत देखते हुए डाक्टरों ने एम्स के लिए रेफर कर दिया। सेक्टर-39 पुलिस ने बस को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस के मुताबिक बस कुलेसरा निवासी राजीव की टूर एंड ट्रेवल कंपनी की है। शीतल के जीजा लाल बहादुर की शिकायत पर बस मालिक और चालक पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
डंपर की टक्कर से ऑटो चालक की जान गई
नोएडा सेक्टर-60 स्थित शॉप्रिक्स मॉल के पास सोमवार रात डंपर की टक्कर से ऑटो चालक की मौत हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मूलरूप से बिहार के सीतामढ़ी का रहने वाला अजय शाह सोमवार रात दो सवारियों को बैठाकर एमपी टू रोड पर सेक्टर-60 स्थित शॉप्रिक्स मॉल के पास जा रहा था।
इस दौरान एक डंपर ने उसकी ऑटो में टक्कर मार दी जिससे उसकी मौत हो गई। मौके से डंपर चालक भाग गया। सेक्टर-58 पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।